बीएसएफ सीमांत मुख्यालय कदमतला में राजभाषा समारोह का आयोजन

Update: 2023-09-29 15:50 GMT




सिलीगुड़ी, 29 सितंबर (हि.स.)। सरकारी कामकाज में राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने एवं कर्मचारियों को हिंदी में काम करने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य 14 से 29 सिंतबर 2023 तक हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया गया था। अंतर फ्रंटियर राजभाषा शील्ड योजना 2022-2023 के दौरान उत्तर बंगाल फ्रंटियर ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए सीमा सुरक्षा बल में नाम किया है। आज राजभाषा समारोह व पुरस्कार वितरण समारोह का उत्तर बंगाल फ्रंटियर के महानिरीक्षक दीपक एम डामोर के नेतृत्व में कदमतला परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को महानिरीक्षक द्वारा प्रमाण पत्र व पुरस्कार वितरण किया गया। इस दौरान महानिरीक्षक दीपक एम डामोर ने हिंदी के गौरव को बरकरार रखने व इसके महत्व को पराकाष्ठा पर ले जाने के लिए अपने दैनिक कामकाज में हिंदी में कार्य करने की प्राथमिकता पर जोर दिया।

पुरस्कार वितरण के महानिरीक्षक दीपक एम डामोर ने समारोह में शामिल सभी कर्मियों को गृह मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा जारी राजभाषा प्रतिज्ञा का शपथ दिलाया।

महानिरीक्षक दीपक एम डामोर ने समारोह में उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए अपनी मातृभाषा के गौरव को बढ़ाने के लिए दैनिक जीवन व कामकाज में ज्यादा से ज्यादा हिंदी के प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारी राजभाषा ही नहीं है बल्कि यह हमारा गौरव है। अपनी राजभाषा का अपनी बोलचाल व कामकाज में अधिक से अधिक प्रयोग कर हिंदी भाषा को पराकाष्ठा पर लेकर जाना तथा लोगों में हिंदी के प्रति रुझान बढ़ाना भी हमारा कर्तव्य है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन/गंगा

Similar News