लुधियाना में आवासीय क्षेत्रों से उद्योगों को शिफ्ट करने के लिए तीन वर्ष की मोहलत: भगवंत मान

Update: 2023-09-15 18:45 GMT


लेबर कॉलोनियों में बिजली मीटर और अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी

उद्योगपतियों को बेसमैंट की खुदाई करने की मंजूरी 72 घंटों में मिलेगी

लुधियाना, 15 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को और प्रोत्साहित करने के लिए आने वाले दिनों में औद्योगिक फोकल प्वाइंटों और औद्योगिक ज़ोनों की कायाकल्प करने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शुक्रवार को लुधियाना में ‘सरकार- उद्योगपति मिलनी’ कार्यक्रम में उद्योगपतियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि फोकल प्वाइंटों और औद्योगिक ज़ोनों की हालत बहुत बुरी है, जिससे उद्योगों के विकास में रुकावट पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन फोकल फोकल प्वाइंटों और औद्योगिक ज़ोनों के व्यापक विकास से यह समस्या जल्द ही दूर हो जायेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस नेक कार्य के लिए विस्तृत रूप-रेखा तैयार की गई है, जिससे उद्योगपतियों को सुविधा देने के साथ-साथ फोकल फोकल प्वाइंटों का चेहरा बदला जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसी भी इमारत के निर्माण के लिए इच्छुक उद्योगपतियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी उद्योगपति ने बेसमैंट के लिए खुदाई करनी है तो उसके लिए इनवैस्ट पंजाब के पोर्टल पर अप्लाई करना होगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस खुदाई के लिए 72 घंटों में मंजूरी दी जायेगी और यदि इस समय में मंजूरी नहीं मिलती तो इसको स्वीकृत ही समझा जायेगा।मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि रिहायशी इलाकों से शिफ्ट होने के लिए लुधियाना की उद्योग को तीन वर्षों की मोहलत दी जायेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार लुधियाना में उद्योग की तरक्की के लिए वचनबद्ध है जिसके लिए हर संभव यत्न किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उद्योगपतियों के सलाह-मश्वरे के साथ राज्य में नयी औद्योगिक नीति लागू की गई है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को इसका प्रयोग करना चाहिए और भविष्य में ज़रूरत पडऩे पर इस में उचित संशोधन किया जायेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले दिनों में यह मिलनी जारी रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में राज्य का स्थानीय स्तर पर किसी अन्य राज्य से कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य का उद्देश्य अब चीन के साथ मुकाबला कर उसे औद्योगिक क्षेत्र में पछाडऩा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह प्रगतिशील और मेहनती उद्योगपतियों के सहयोग से ही संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में असली मायनों में सिंगल विंडो सिस्टम वाली उद्योग समर्थकीय सरकार है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों में यह व्यवस्था केवल एक धोखा था क्योंकि किसी ने भी इसका असली अर्थों में प्रयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि पहले समझौतों पर परिवारों के साथ दस्तखत किये जाते थे परन्तु अब राज्य और यहाँ के लोगों के साथ किये जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Similar News