खेडां वतन पंजाब दियां की मशाल का एसएएस नगर जिले में पहुंचने पर हुआ स्वागत

Update: 2023-09-23 10:04 GMT


एसएएस नगर, 26 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई ‘‘खेडां वतन पंजाब दियां’’ के पहले सीजन की सफलता के बाद दूसरे सीजन की 29 अगस्त को बठिंडा से शुरुआत हो रही है। वहीं इससे पहले राज्य भर में खेडां वतन पंजाब दियां सीजन 2 की मशाल यात्रा कर रही है। शनिवार को यह मशाल साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) जिले में पहुंची, जहां भंगड़े और गतके के प्रदर्शन के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

लुधियाना से 22 अगस्त को शुरू हुई मशाल यात्रा 12 जिलों का चक्कर लगाने के बाद शनिवार को रूपनगर जिले से मोहाली जिले में दाखिल हुई। कुराली में पहुंचने पर रूपनगर के खिलाड़ियों ने मशाल मोहाली प्रशासन को सौंप दी।

डेराबस्सी से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, विधायक धर्मकोट दविन्दरजीत सिंह लाडी ढौंस, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविन्दर सिंह कंग, पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिन्दर सिंह गोल्डी, जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन प्रभजोत कौर और कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान के पिता जोरा सिंह मान ने यह मशाल हासिल की।

इसके बाद उन्होंने यह मशाल हॉकी ओलंपियन प्रभजोत सिंह, पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान राजपाल सिंह, ओलंपियन निशानेबाज अंजुम मौदगिल, हॉकी ओलंपियन धर्मवीर सिंह और नेशनल शूटिंग प्रशिक्षक अंकुश भारद्वाज को सौंप दी, जो उन्होंने दौड़कर आगे नौजवान खिलाड़ियों को सौंपी।

प्रवक्ताओं ने कहा कि यह खेल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पंजाब को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने के सपने को पूरा करेगा। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार पंजाब के नौजवान को नयी दिशा देने के लिए खेल के क्षेत्र में बड़े प्रयास कर रही है, जिसके अंतर्गत यह खेल चलाए जा रहे हैं।

विधायक दविन्दरजीत सिंह लाडी ढौस ने कहा कि पंजाब ने नयी खेल नीति बनाकर राज्य की खेलों में जान डाल दी है और पंजाब फिर खेलों में देश का नंबर एक राज्य बनेगा। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविन्दर सिंह कंग ने कहा कि खेलों और मशाल को लेकर पाया जा रहा उत्साह बताता है कि पंजाब की नौजवानी को दिशा देने की जरूरत है, इसमें अथाह सामर्थ्य है।

पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिन्दर सिंह गोल्डी ने बताया कि 35 खेलों के अलग-अलग आठ उम्र वर्गों के मुकाबले करवाए जाएंगे, जो ब्लॉक से राज्य स्तर तक होंगे। बठिंडा में राष्ट्रीय खेल दिवस वाले दिन 29 अगस्त को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खेल के सीजन-2 का उद्घाटन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र /वीरेन्द्र

Similar News