पंजाब के जल स्त्रोत मंत्री ने किया भाखड़ा-नंगल प्रोजेक्ट का दौरा

Update: 2023-06-02 14:16 GMT


- डैम और जल भंडारण का किया निरीक्षण

- मानसून से पहले पूरे होंगे बाढ़ रोकथाम के कार्य

नंगल, 2 जून (हि.स.)। पंजाब में किसानों को सिंचाई के लिए नहरी पानी मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बेहतर नेटवर्क मुहैया करवा रही है। आगामी मानसून सीजन से पहले राज्य में बाढ़ रोकथाम के कार्य जून महीने मुकम्मल हो जाएंगे। यह बात जल स्रोत मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने शुक्रवार को भाखड़ा-नंगल डैम में भाखड़ा ब्यास प्रशासनिक बोर्ड के बुनियादी ढांचे और प्रबंधन का दौरा करने के उपरांत कही।

मीत हेयर जो पहली बार यहां पहुंचे थे, को बी.बी.एम.बी. संस्थान अधीन आते बुनियादी ढांचे, पानी के नियमों और सहभागी राज्यों से अलग-अलग पदों के शेयर बारे अवगत करवाया गया। उन्होंने चल रहे कार्यों और भविष्य के प्रोजेक्टों बारे जानकारी हासिल की और भाखड़ा बांध और जल भंडारण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डैम के स्तर का मुआयना करते समय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन दौरान किये जाने वाले प्रबंध समय पर मुकम्मल कर लिए जाएं। मौजूदा समय में भाखड़ा डैम में पानी का स्तर 1563.90 फुट था।

जल स्रोत मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा बीते दिनों बाढ़ रोकथाम प्रबंधों का जायज़ा लिया गया था जिसमें उनके द्वारा दिए गए निर्देशों के अंतर्गत विभाग द्वारा जून महीने तक आगामी मानसून सीजन दौरान बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी प्रबंध मुकम्मल कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल स्रोत विभाग द्वारा इस बार टेल तक किसानों को उनकी मांग अनुसार नहरी पानी उपलब्ध किया गया जो कि राज्य में पहली बार हुआ।

मीत हेयर ने हरियाली और वातावरण को महत्ता देते हुए बी.बी.एम.बी. कम्पलेक्स में पौधा भी लगाया। उन्होंने भाखड़ा बांध पर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर मुख्य इंजीनियर भाखड़ा डैम (बी.बी.एम.बी.) चरनप्रीत सिंह भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/प्रभात

Similar News