आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद बोली अनिता चौधरी- पार्टी ने भरोसा कर टिकट दिया

Update: 2023-09-29 15:49 GMT


भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रहीं अनीता चौधरी ने शुक्रवार को भोपाल पहुंचकर आप के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर दलितों और काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल, विदिशा लोकसभा के प्रभारी बीएस राजपूत मौजूद रहे।

अनीता चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में उन्होंने लंबे वक्त तक काम किया। पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी उसे पूरा करके दिखाया लेकिन कांग्रेस में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि काम न मिलने से मैं कांग्रेस में घुटन महसूस कर रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहकर मैं दलित वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काम स्वतंत्र होकर नहीं कर पा रही थी। उन्होंने कांग्रेस को दलित विरोधी पार्टी भी करार दिया।

महिला कांग्रेस की पूर्व महामंत्री अनीता चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कामकाज से प्रभावित होकर मैंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की योजनाओं का फायदा लोगों को मिल रहा है और ये पूरा देश देख रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय नेतृत्व का आदेश हुआ और पार्टी ने टिकट दिया तो मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

Similar News