बेगूसराय में फिर चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक महिला एवं एक पुरुष घायल

Update: 2023-09-28 18:50 GMT


बेगूसराय, 28 सितम्बर (हि.स.)। बेगूसराय में गोलीबारी का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार की रात भी भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौला भीठ गांव भगवती स्थान के समीप आपसी विवाद में अपराधियों ने एक महिला एवं एक पुरुष को गोली मार कर घायल कर दिया। हमला करने के दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।

घायल की पहचान भीठ निवासी विष्णुदेव पासवान के पुत्र सियाराम पासवान एवं श्रवण साह के पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। जिसे ग्रामीणों द्वारा इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार पांच अपराधी सियाराम पासवान के घर आया और गोली चलाना शुरू कर दिया जिससे सियाराम पासवान के जांघ में गोली लग गई। वहीं, रास्ते से गुजर रही सुनीता देवी के पैर में भी एक गोली लग गई।

गोलीबारी के बाद गांव में अफरा तफरी मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष प्रतोष कुमार मामले की छानबीन में जुट गए। त्वरित करवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। गोली मारने के बाद भागने के दौरान दोनों आरोपित भी चोटिल हो गए हैं जिनका इलाज पीएचसी में चल रहा है।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौला भीठ में अगल-बगल के गांव के दो लोगों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद एक पक्ष द्वारा गोली चलाई गई। जिसमें एक आदमी के पैर एवं दूसरे के जांघ में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे भगवानपुर थानाध्यक्ष ने गोली मारने दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर पूछताछ चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/प्रभात

Similar News