राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने गोवा राज्य के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

Update: 2023-05-30 06:42 GMT


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गोवा राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, “गोवा के स्थापना दिवस पर सुंदर राज्य के लोगों को मेरी शुभकामनाएं! गोवा अपनी प्राकृतिक सुंदरता, उत्तम समुद्र तटों, उत्साहित लोगों और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है। राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। गोवा समृद्ध होता रहे और आने वाले वर्षों में सतत विकास के लिए एक मॉडल बने।”

वहीं उपराष्ट्रपति ने ट्वीट संदेश में कहा, “गोवा के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई! इस शांत राज्य को मनोरम तटीय सुंदरता, आकर्षक वास्तुकला और मनोरंजक लोगों से नवाजा गया है। आने वाले वर्षों में राज्य विकास और प्रगति के नए मानदंड स्थापित करता रहे।”

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, “गोवा राज्य दिवस की शुभकामनाएं! गोवा, शांति और जीवंतता का एक उत्कृष्ट मिश्रण है, जो अपनी अनूठी संस्कृति और स्थायी भावना से प्रेरित करता रहता है। मैं गोवावासियों की भलाई और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं और आशा करता हूं कि वे भारत के विकास पथ को मजबूत करना जारी रखेंगे।”

उल्लेखनीय है कि पूर्व में गोवा केंद्र शासित प्रदेश गोवा, दमन और दीव का हिस्सा था। इसे बाद में 30 मई 1987 को राज्य का दर्जा दिया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/सुशील/ब्रजेश

Similar News