जयपुर में महिला समन्वय की अखिल भारतीय बैठक शनिवार से

Update: 2023-09-29 14:25 GMT


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्र सेविका समिति के तत्वावधान में महिला समन्वय की अखिल भारतीय बैठक शनिवार (30 सितंबर) से जयपुर के जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ में शुरू होगी। इस दो दिवसीय बैठक में देशभर से लगभग 300 प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।

राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत संयोजिका डॉ. मंजू शर्मा ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि इस बैठक में देशभर में होनेवाले महिला सम्मेलनों के बारे में आगामी योजना बनेगी। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी उपाख्य भैयाजी जोशी और सह सरकार्यवाह अरुण कुमार भी सम्मिलित होंगे। राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका शांताक्का, राष्ट्र सेविका समिति की मार्गदर्शक गीता ताई, अखिल भारतीय संयोजिका मीनाक्षी पेशवे भी बैठक में भाग लेंगी।

डॉ. शर्मा ने बताया कि अभी तक देश में 93 महिला सम्मेलन सम्पन्न हुए, जिसमें लगभग एक लाख 44 हजार महिलाओं की संख्या रही। बैठक में सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, समाज परिवर्तन में महिलाओं की भूमिका, कार्य की गुणवत्ता इन विषयों पर भी बैठक में चर्चा होगी। बैठक में विविध क्षेत्र में कार्यरत अखिल भारतीय तथा प्रांत के दायित्ववान कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/ईश्वर/पवन

Similar News