हिसार: रेप के आरोपी के परिजनों पर ईंटें बरसाई, बुजुर्ग महिला की मौत

Update: 2023-09-29 13:17 GMT




परिजनों ने हत्या का केस दर्ज करने की मांग पर एडीजीपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

हिसार, 29 सितम्बर (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र में रेप के आरोपी की दादी की मौत मामले में शुक्रवार को विवाद हो गया। मृतका के परिजनों ने शुक्रवार को एडीजीपी कार्यालय पर धरना दिया और आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग पर जोरदार प्रदर्शन किया।

मृतका के परिजनों का कहना था कि लड़की पक्ष के लोगों ने 75 वर्षीय महिला की हत्या कर दी है। उनका आरोप है कि लड़की के परिजनों ने परिवार के ऊपर सोते समय ईंटें बरसाई। मृतका के भड़के परिजनों से आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पहले इस मामले में झगड़े का केस दर्ज किया था लेकिन अब परिवार के बयान लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतका के परिवार वालों ने बताया कि बुजुर्ग दादी के पोते पर लड़की को भगाकर ले जाने का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में 17 सितंबर को आजाद नगर पुलिस थाने में रेप का केस दर्ज कर लिया। जब इसका पता चला तो लड़के के परिवार वालों ने खुद उसे पुलिस के सामने पेश कर दिया जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसी बात को लेकर लड़की के परिवार वालों ने रंजिशवश 27 सितंबर की रात को जब पूरा परिवार घर में सो रखा था तो करीब 20-25 लोगों ने उनके घर पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। इससे पूरे परिवार में अफरातफरी मच गई। परिवार के लोगों ने इधर-उधर होकर जान बचाई लेकिन आंगन में सो रही बुजुर्ग दादी तेजी से अंदर नहीं जा सकी जिससे एक ईंट उसकी छाती और दूसरी पैर पर लगी। बुजुर्ग दादी को इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

Similar News