Akanksha Dubey Suicide Case : गाजियबाद से वाराणसी लाया गया समर सिंह, CJM कोर्ट में आज होगी पेशी

Update: 2023-04-08 05:04 GMT

Akanksha Dubey Suicide Case : वाराणसी पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने बीते शुक्रवार को भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा सिंह सुसाइड मामले में नामजद आरोपी गायक समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। समर सिंह को शनिवार को पुलिस द्वारा वाराणसी लाया गया। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच आज जिला सत्र न्यायालय की CJM कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नंदग्राम थाना क्षेत्र से वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर के शुक्रवार को आरोपी को गाजियाबाद की CJM कोर्ट में पेश कर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की। ट्रांजिट रिमांड को मंजूरी मिलने के बाद समर सिंह को शनिवार भोर में वाराणसी लाया गया। 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई वाराणसी पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस समर सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है, जिसे लेकर वह कोर्ट में अपील करेगी। वहीं आकांक्षा दुबे के पैरोकार वकील शशांक शेखर त्रिपाठी समर पर धारा 302 का चार्ज बनाने की गुहार लगाएंगे।

आकांक्षा के वकील ने तैयार किए डॅाक्यूमेंटस

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के वकील शशांक शेखर त्रिपाठी शुक्रवार को गायक समर सिंह के खिलाफ साक्ष्य जुटाते रहे। शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को कोर्ट में पेशी के दौरान वादी के वकील भी आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजने की अपील करेंगे। दलील देंगे कि मौत की वजह और समर की संलिप्तता की जानकारी को देखते हुए पुलिस रिमांड पर दिया जाए। विवेचना पूरी होने तक आरोपी को जेल में रखा जाए।

अभी पुलिस ने आरोपी को आईपीसी की धारा 306 में गिरफ्तार किया है। इसके बाद धारा 302 के तहत रिमांड बने। 302 में रिमांड के लिए बिसरा और अन्य रिपोर्ट की जल्द मांग करेंगे। समर सिंह का काल डिटेल भी निकाला जाए।

एडिशनल सीपी ने कही ये बात 

एडिशनल सीपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार करके हमारी पुलिस टीम रात में बनारस पहुंची है। आज कोर्ट बंद है। इसलिए उसे शाम में जब रिमांड मजिस्ट्रेट बैठेंगे तो उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समर सिंह से पुलिस ने अहम पूछताछ की है लेकिन उसकी न्यायिक रिमांड न होने की वजह हम उसे आप के सामने न पेश कर सकते हैं और न ही इसके पूछताछ के पॉइंट पर बात कर सकते हैं।

रिमांड मजिस्ट्रेट नहीं दे सकता न्यायिक अभिरक्षा

इस दौरान एडिशनल सीपी ने कई सारे कयासों पर विराम देते हुए बताया कि रिमांड मजिस्ट्रेट पुलिस को समर सिंह की न्यायिक अभिरक्षा नहीं दे सकता है। उसके लिए हमें रेग्यूलर कोर्ट में अपील करनी होगी, लेकिन फिर भी हम साक्ष्यों के आधार पर मजिस्ट्रेट से न्यायिक अभिरक्षा की मांग करेंगे।

एडिशनल सीपी ने कहा कि समर सिंह को हम गिरफ्तार कर लेते लेकिन जिस तरह से उसका मीडिया ट्रायल शुरू हुआ। उससे हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उसे ट्रेस करने में हमें दस दिन का समय लग गया।

गौरतलब है कि बीते 26 मार्च को अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव होटल के एक कमरे से मिला था, जिसके बाद भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगे थें। मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह और उसके भाई पर आत्महत्या के लिए उकसाने का रूप लगाया था। साथ ही कहा था कि दोनों तीन साल से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।


Similar News