बीजेपी के 400 पार के दावे पर प्रियंका गांधी का तंज, कहा - या तो इन्होंने पहले से कुछ गड़बड़...

Update: 2024-04-17 13:03 GMT

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को सहारनपपुर पहुंचीं थी। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में बीजेपी के 400 पार के दावे पर कहा या तो इन्होंने कुछ गड़बड़ पहले से कर रखी है कि इनको पता है कि इन्हें 400 पार मिलने वाले हैं।

प्रियंका ने कहा, अगर देश में ऐसा चुनाव हो जिसमें EVM में कोई गड़बड़ न हो तो मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते, उससे भी कम सीटें लेंगे।"

बता दें कि, इससे पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को सहारनपुर की गोल कोठी से लेकर कुतुबशेर थाने तक रोड शो किया। करीब एक घंटा चले रोड शो में प्रियंका गांधी ने लगभग 12 मिनट जनता को संबोधित भी किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मोदी पर खूब तंज कसे। प्रियंका ने कहा कि इस देश ने सत्ता को नहीं सत्य को पूजा है और मोदी सत्ता को पूजते हैं सत्य को नहीं।

रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने रामनवमी को भी याद करते हुए कहा कि भगवान राम ने भी सत्य की लड़ाई लड़ी थी। जब उनके सामने रावण युद्ध करने के लिए आया तो सारी शक्ति रावण के पास थी, लेकिन भगवान राम ने नौ व्रत रखकर सारी शक्ति अपने पास ले ली थी। इसके बाद रावण से युद्ध किया और सत्य की जीत हुई।

Similar News