देहरादून: मुख्य सचिव ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को समय से पूरा करने के दिए निर्देश

Update: 2023-05-26 13:20 GMT


देहरादून, 26 मई (हि.स.)। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को समय रहते गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि अभी से निर्माण कार्यों के लेकर तिथियां तय करें, ताकि कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जा सके। इसके लिए बजट की कमी आड़े हाथ नहीं आएगी।

शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. संधु की अध्यक्षता में वर्ष 2024 में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के सम्बन्ध में बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को समय से पूरा करने के लिए तिथियां निर्धारित कर ली जाएं और समय से कार्य शुरू कर अंतिम रूप दिया जाये। उन्होंने कहा कि बजट की किसी भी प्रकार से कमी नहीं होने दी जाएगी। उपकरणों की खरीद, विशेष कर जो विदेशों से आयात होने हैं, उस कार्य को तत्काल शुरू किये जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश होने के नाते इसे एक अवसर के तौर पर देखना चाहिए। देशभर से जो प्रतिभागी इसमें भाग लेने आएंगे, उनमें प्रदेश की अच्छी छवि जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि टॉर्च रिले कार्यक्रम को प्रत्येक पर्यटन शहर में आयोजित किया जाए, ताकि प्रदेश के पर्यटन का प्रचार प्रसार भी हो सके। सभी इवेंट के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाए। इस पर आने वाले व्यय को राज्य सरकार वहन करेगी। इससे कलाकारों को रोजगार भी प्राप्त होगा। साथ ही प्रदेश की संस्कृति का प्रचार प्रसार भी होगा।

मुख्य सचिव ने पौड़ी के हाई एल्टीट्यूड रांसी स्टेडियम को भी राष्ट्रीय खेलों से जोड़े जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों से पहले प्रदेश में प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएं, ताकि प्रदेश में खिलाड़ी इसके लिए तैयार और जागरूक हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र

Similar News