गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा : खंभात में करंट लगने से 2 की मौत, 2 अन्य नदी में डूबे

Update: 2023-09-28 18:33 GMT


-गणपति मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसों से समूचे क्षेत्र में मचा कोलाहल

अहमदाबाद, 28 सितंबर (हि.स.)। अनंत चतुदर्शी के दिन गणपति विसर्जन के दौरान राज्य में कई जगहों पर हुए हादसों में लोगों की जान गई। आणंद जिले के खंभात में गणपति मूर्ति बिजली के तार को छू गई। घटना में 2 लोगों की मौत हो गई, 3 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। साबरकांठा जिले के प्रांतिज में 2 युवक डूब गए। दमकलकर्मियों ने दोनों के शव बाहर निकाले।

गणपति महोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुदर्शी को राज्य भर में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रशासन ने जहां कई शहरों में कृत्रिम तालाब भी बनाए तो नदी, समुद्र किनारे और तालाबों में गणपति की मूर्तियों का विसर्जन के साथ 10 दिवसीय महोत्सव की पूर्णाहुति हो गई। खंभात में गणेश विसर्जन के लिए निकले जुलूस के दौरान नवसर्जन सिनेमा के पास नंदी पर सवार गणपति की प्रतिमा बिजली के तार को छू गई। इससे 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि झुलसे 3 अन्य को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा एक अन्य हादसे में साबरकांठा जिले के प्रांतिज में गलतेश्वर के समीप साबरमती नदी में 2 युवक डूब गए। दमकल विभाग ने दोनों युवकों के शव बाहर निकाले। मृत युवक प्रांतिज के ताजपुर और गांधनगर के पीपरोज के निवासी बताए गए हैं।

दाहोद जिले के नवागाम में खान नदी में गणपति विसर्जन के दौरान भी एक युवक नदी में डूब गया, लेकिन साथ गए युवकों ने उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके अलावा पंचमहाल जिले के पावागढ़ में विसर्जन के दौरान क्रेन का पट्टा टूट गया। इसमें 2 लोग घायल हो गए। वडातालाब के समीप गणपति प्रतिमा के दौरान यह हादसा हुआ। दोनों घायलों को हालोल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/आकाश

Similar News