मप्र बायो टेक्नोलॉजी पार्क का भूमि-पूजन 13 जुलाई को प्रस्तावित

Update: 2023-05-26 16:16 GMT


- 100 करोड़ रुपये की लागत से सरवानिया महाराज में बनेगा पार्क

- पार्क की स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को मंत्री सखलेचा ने दिया धन्यवाद

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। नीमच जिले में 100 करोड़ की लागत से बनने वाले मध्यप्रदेश बायो टेक्नोलॉजी पार्क का भूमि-पूजन 13 जुलाई को नीमच जिले में प्रस्तावित है। केन्द्र सरकार से इसकी स्वीकृति मिल गई है। यह जानकारी शुक्रवार को प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने ने दी।

दरअसल, मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास पर रहे। उन्होंने केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से भेंट कर ‘मध्यप्रदेश बायो टेक्नोलॉजी पार्क’ की स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री सखलेचा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री डॉ. सिंह को प्रस्तावित बायो टेक्नोलॉजी पार्क के भूमि-पूजन एवं तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के विज्ञान सम्मेलन के उद्घाटन के लिए मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया है, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है।

मंत्री सखलेचा ने कहा कि बायो टेक्नालॉजी पार्क के लिए भूमि-पूजन नीमच जिले की जावद तहसील के सरवानिया महाराज में किया जाना प्रस्तावित है। इस पार्क के निर्माण पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी और 39.53 हेक्टेयर भूमि पर पार्क का निर्माण होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Similar News