राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से मांगा कर्ज की राशि के खर्च का ब्योरा

Update: 2023-09-22 12:40 GMT


मुख्यमंत्री मान के पत्र का राज्यपाल पुरोहित ने दिया जवाब

चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने आरडीएफ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के पत्र का जवाब देते हुए अब नए मुद्दे पर सरकार को घेरा है। राज्यपाल ने आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार के कार्यकाल के दौरान लिए गए कर्ज तथा कर्ज की राशि के इस्तेमाल को लेकर रिपोर्ट मांगी है।

दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दो दिन पहले राज्यपाल पुरोहित को पत्र लिखकर कहा था कि पंजाब का केंद्र की तरफ ग्रामीण विकास निधि के रूप में 5637 करोड़ रुपये बकाया है। यह राशि पंजाब को दिलवाने के लिए राज्यपाल केंद्र सरकार से बातचीत करें।

शुक्रवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने इस पत्र का जवाब देते हुए कहा है कि वह पंजाब के लोगों की सेवा करने के अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री के समक्ष आरडीएफ का मामला उठाने में हस्तक्षेप के लिए मुख्यमंत्री के अनुरोध को स्वीकार करते हैं। राज्यपाल ने यह भी कहा कि मामला वर्तमान में कोर्ट में है और मुख्यमंत्री ने उन्हें इस मामले में शामिल करने से पहले ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया था।

राज्यपाल ने कानून की उचित प्रक्रिया का सम्मान करने और मामले पर न्यायिक निर्णय की प्रतीक्षा करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई भी आगे की कार्रवाई करने से पहले न्यायिक प्रक्रिया के परिणाम की प्रतीक्षा करना ही उचित होगा।

राज्यपाल ने राज्य की वित्तीय स्थिति के संबंध में बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान पंजाब पर लगभग 50 हजार करोड़ का कर्ज बढ़ गया है। आरडीएफ मामले के हल के लिए आगे बढ़ते हुए राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से ऋण की इस भारी-भरकम राशि के उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी देने को कहा है। राज्यपाल का मानना है कि यह जानकारी उन्हें प्रधानमंत्री के समक्ष मामले को प्रभावी ढंग से पेश करने और यह दर्शाने में सक्षम बनाएगी कि धन का उपयोग पंजाब के लोगों के लिए एक जिम्मेदार तरीके से और उनके कल्याण के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब और इसके निवासियों के सर्वोत्तम हितों को बनाए रखने के प्रति वे पूरी तरह से समर्पित हैं। राज्य के वित्त और संसाधनों से संबंधित मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की उनकी प्रतिबद्धता पंजाब के लोगों की निष्ठापूर्वक सेवा करने की उनकी अटूट दृढ़ता को दर्शाती है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Similar News