हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में पढ़ाया जाएगा डिफेंस जर्नलिज्म व साइबर सुरक्षा कोर्स

Update: 2023-06-02 14:23 GMT


चंडीगढ़, 2 जून (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में इस साल से साइबर सुरक्षा तथा डिफेंस जर्नलिज्म जैसे विषय भी पढ़ाये जाएंगे। शुक्रवार को यह जानकारी उच्च शिक्षा मंत्री मूलचंद शर्मा ने दी।

मंत्री शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने शैक्षिक सत्र 2023-24 के लिए जिला अंबाला के गवर्नमेंट कॉलेज, शहजादपुर तथा जिला सोनीपत के गवर्नमेंट कॉलेज, खरखौदा में नेशनल एंड साइबर सिक्योरिटी में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा शुरू किया है। इसके अलावा, गवर्नमेंट कॉलेज, खरखौदा तथा गवर्नमेंट कॉलेज, झज्जर में डिफेंस जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी करवाया जाएगा।

शर्मा ने बताया कि प्रदेश के कुल 37 सरकारी कॉलेजों में नए कोर्स व विषय शुरू किए गए हैं। इसके अलावा, 9 कॉलेजों में सीटें भी बढ़ाई गई हैं। जिला फतेहाबाद के गवर्नमेंट कॉलेज रतिया, जिला गुरुग्राम के गवर्नमेंट कॉलेज, फर्रुखनगर और गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर 9, गुरुग्राम में 80-80 सीटें बढ़ाई गई हैं। जिला जींद के गवर्नमेंट कॉलेज, जींद में एम.कॉम. और गवर्नमेंट कॉलेज, सफीदों में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लिकेशंस की 20-20 सीटें बढ़ाई गई हैं।

मूलचंद शर्मा ने बताया कि जिला कैथल के गवर्नमेंट कॉलेज, लदाना चाकू में बी.ए. में पंजाबी इलेक्टिव की 40 सीटें बढ़ाई गई हैं।इसी तरह, जिला करनाल में राजकीय महिला महाविद्यालय, बस्ताड़ा में बी.ए. पॉलीटिकल साइंस, ज्योग्राफी, हिस्ट्री की 20-20 सीटें तथा बी.ए. मैथमेटिक्स की 10 सीटें बढ़ाई गई हैं।

शर्मा ने बताया कि जिला कुरुक्षेत्र के राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में बी.एस.सी. नॉन मेडिकल कंप्यूटर साइंस तथा जिला महेंद्रगढ़ के गवर्नमेंट कॉलेज नारनौल में एम.एससी. जूलॉजी की 20-20 सीटें बढ़ाई गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Similar News