पंजाब के कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने संभाला मंत्रायल का कार्यभार

Update: 2023-06-01 12:27 GMT


चंडीगढ़, 1 जून (हि.स.)। पंजाब के नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने गुरुवार को पंजाब सिविल सचिवालय में कैबिनेट मंत्रियों अमन अरोड़ा, ब्रह्म शंकर जिम्पा और हरभजन सिंह ईटीओ और विधायकों की माैजूदगी में स्थानीय निकाय और संसदीय मामले विभाग के केबिनेट मंत्री के पद का कार्यभार संभाल लिया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का नई ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि वह सौंपी गई ज़िम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री ने कहा कि, ‘राज्य के लोगों की सेवा करने का मौका मिलना गर्व की बात है और मैं पंजाबियों को भरोसा दिलाता हूं कि उनको अति-आधुनिक प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराउंगा।‘ उन्होंने कहा कि हम आम लोग हैं और आम लोगों की मुश्किलों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हमारे राज्य को ‘रंगला पंजाब‘ बनाने के लिए पहले दिन से ही पूरी दृढ़ता के साथ अथक मेहनत कर रही है और मुख्यमंत्री निश्चित रूप से राज्य को विकास की राह पर ले जाएंगे।

इस मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्रियों ने आशा जताई कि बलकार सिंह की मेहनत, कुशलता और दूरदर्शी विचार पंजाब राज्य और पंजाबियों का विकास होगा। इस मौके पर नवनियुक्त मंत्री के पारिवारिक सदस्य, विभाग के सीनियर अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

Similar News