मोदी सरकार की उपलब्धियां पंजाब में घर-घर पहुंचाएगी भाजपा

Update: 2023-06-01 11:46 GMT


- पार्टी के सभी मोर्चों के कार्यकर्ता 117 विधानसभाओं में करेंगे रैलियां

चंडीगढ़, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी पंजाब केंद्र की मोदी सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियां प्रदेश की जनता तक पहुंचाएगी। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के आह्वान पर पार्टी के सभी मोर्चों द्वारा बाइक रैलियों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके चलते पंजाब के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों का दौर जारी है।

इसी कड़ी में गुरदासपुर में भाजपा के मोर्चों की संयुक्त बैठक का आयोजन भाजयुमो पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष इंजि. कंवरवीर सिंह टोहरा के नेतृत्व में किया गया। बैठक में भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव राजेश बाघा विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस बैठक में भाजपा महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा व भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्षों व पदाधिकारियों ने भाग लिया।

राजेश बाघा ने इस अवसर पर आगामी दिनों में प्रदेश के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी मोर्चा अध्यक्षों एवं उपस्थित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को मुख्य रखते हुए एक महासंपर्क अभियान कार्यक्रम शुरू किया है। यह महासंपर्क कार्यक्रम 31 मई से 30 जून तक लगभग एक महीने तक चलेगा।

कंवरवीर सिंह टोहरा ने इस अवसर पर कहा कि भाजयुमो द्वारा प्रदेश के 117 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाने वाली बाइक रैलियों के संबंध में सभी प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा के सभी मोर्चों के सभी कार्यकर्ता संयुक्त रूप से बाईक रैलियों व अन्य कार्यकर्मों में भाग लेंगें। इन रैलियों में भाजयुमो कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/पवन

Similar News