भोपाल: मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान आज से

Update: 2023-05-30 04:32 GMT


भोपाल, 30 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपना नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इसके उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे में विशेष जनसंपर्क अभियान मंगलवार यानी 30 मई से शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 30 जून तक चलेगा।

विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान का महत्व और भी बढ़ गया है। इसे चुनावों के पूर्व जनसंपर्क के पहले चरण के रूप में देखा जा रहा है। इस अभियान की रूपरेखा इस तरह बनाई गई है कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा सके। इस अभियान के दौरान जहां घर-घर, गांव-गांव संपर्क किया जाएगा, वहीं, पत्रकारवार्ता, प्रबुद्धजन सम्मेलन, कार्यकर्ता सम्मेलन, सभाओं, हितग्राही सम्मेलन आदि के द्वारा भाजपा सरकारों की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस अभियान के दौरान पार्टी के सभी केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री समेत पार्टी के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। पार्टी के स्तर पर इस अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सभी मोर्चों को भी इस अभियान के लिए अलग से कार्यक्रम दिये गए हैं, ताकि जनता के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ा जा सके।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मिंटो हॉल में मीडिया संवाद कार्यक्रम के माध्यम से इसकी शुरुआत कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव/मयंक

Similar News