मप्र: शिवराज कैबिनेट की बैठक आज, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Update: 2023-05-30 03:42 GMT


भोपाल, 30 मई (हि.स.)। शिवराज कैबिनेट की अहम बैठक आज (मंगलवार को) होने वाली है। सुबह 11.00 बजे मंत्रालय में हाेने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी मिल सकती है।

कैबिनेट बैठक में अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के उद्यमी के लिए सरकार महत्वपूर्ण फैसला ले सकती है। वहीं मध्य प्रदेश स्टार्टअप नीति के कार्यान्वयन योजना 2022 में संशोधन के प्रस्ताव पर भी आज अंतिम निर्णय लिया जाएगा। स्टार्टअप को बढ़ाने के लिए चार चरण में 72 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने पर महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। इसके लिए स्टार्टअप में अनुसूचित जनजाति और जाति वर्ग की भागीदारी 51 फीसदी से कम नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा वन्य प्राणी द्वारा की जाने वाली जनहानि पर दिए जाने वाले क्षतिपूर्ति की राशि को ही बढ़ाने पर फैसला किया जा सकता है। माना जा रहा है कि क्षतिपूर्ति की राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये तक करने पर स्वीकृति दी जा सकती है। जबकि मध्यप्रदेश कलाकार कल्याण कोष से कलाकारों एवं साहित्यकारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में भी वृद्धि पर आज कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

Similar News