सेवारत और सेवानिवृत्त जवानों के लिए कार्य करेंगे : डीआईजी

Update: 2023-05-29 12:45 GMT


हल्द्वानी, 29 मई (हि.स.)। सीआरपीएफ के नवनियुक्त डीआईजी एसडी पांडेय ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने सेवारत और सेवानिवृत्त अर्द्ध सैनिकों और उनके परिवारजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताया।

सोमवार को काठगोदाम स्थित ग्रुप केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता में डीआईजी ने कहा कि अधिकतर जवान अधिकारियों से सीधे संपर्क नहीं कर पाते हैं। इससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है। वह जवानों और उनके परिजनों के बीच जाकर समस्याएं सुनेंगे। उनकी जो भी शिकायतें होंगी उन्हें उच्चाधिकारियों से अवगत कराएंगे, जिससे समय रहते शिकायतों का निस्तारण किया जा सके। साथ ही उन्होंने अर्द्ध सैनिकों की पेंशन की समस्या के समाधान के लिए अपने स्तर से हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का कुमाऊं क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं कम होती हैं। इसके बाद भी वह प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर कार्य करेंगे। सही तालमेल से लोगों की सुरक्षा और अधिक पुख्ता हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज

Similar News