मुख्यमंत्री ने जालुकबाड़ी में दुर्घटना स्थल का दौरा किया

Update: 2023-05-29 12:23 GMT


-सात छात्रों की असामयिक मौत पर दुख व्यक्त किया

गुवाहाटी, 29 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा शहर के जालुकबाड़ी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का जायजा लेने के लिए आज सुबह दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के स्थल का जायजा लिया। हादसे में सात छात्रों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री ने छात्रों की असामयिक मौत पर दुख व्यक्त किया है और दुर्घटना में घायल छह लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

पत्रकारों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में सात छात्रों की मौत हो गई है। यह वास्तव में एक दुखद घटना है। घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है। मैं अनुरोध करूंगा कि जिनके बच्चे गुवाहाटी में रहते हैं, उनके माता-पिता के लिए बेहतर होगा कि वे उनके संपर्क में रहें। उनको इस बात की जानकारी रखनी चाहिए कि बच्चे क्या कर रहे हैं और क्या नहीं कर रहे हैं। मैं हॉस्टल के अधिकारियों से भी कहूंगा कि वे हॉस्टल की व्यवस्थाओं को मजबूत करें। इस तरह से सात लड़कों की मौत वाकई दुखद है।''

हादसे की जांच पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना होने पर पुलिस जांच करेगी। लेकिन घटना को लेकर बिल्कुल तेजी आई है, इसमें और कुछ नहीं है। फिर भी पुलिस को जो करना होगा, वह करेगी। उधर, पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने भी घटना का जायजा लिया है। पुलिस महानिदेशक ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना का जायजा लिया।

गौरतलब है कि जालुकबारी में हुए इस भीषण हादसे में असम इंजीनियरिंग कॉलेज के सात छात्रों की असमय जान चली गई। जालुकबारी में बीती रात में एक भीषण हादसे में छात्रों की मौत हो गई। हादसा आधी रात को जालुकबारी में डीसीपी कार्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।

तेज रफ्तार महिंद्रा स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई और बाद में ब्रॉयलर मुर्गी ले जा रहे बोलेरो से टकरा गई। जिसके चलते सात युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान असम इंजीनियरिंग कॉलेज के छठे सेमेस्टर के छात्रों और हॉस्टल नंबर 7 के निवासियों के रूप में हुई है।

मृतकों की पहचान मंगलदोई के कौशिक बरुवा, शिवसागर के कौशिक मोहन, माजुली के राजकिरण भुइयां, डिब्रूगढ़ के इमोन बरुवा, गुवाहाटी के अरिंदम भोवाल, नगांव के उपांशु शर्मा और गुवाहाटी के नियार डेका के रूप में हुई है। हादसे में तीन अन्य छात्र मृणमय बोरा, अर्णब चक्रवर्ती और अर्पण भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में बोलेरो पिकअप वैन में सवार मोजम्मिल हक, यूसुफ अली और राजीव अली भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो कार (एस-01एफके-9605) जो सात माइल की दिशा से आते समय पहले डिवाइडर से टकरा गयी। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि विपरीत लेन में ब्रॉयलर मुर्गी लेकर जा रही बोलेरो पिकअप (एएस-01जीसी-8829) वाहन से टकरा गई। रात में ही मृतक और घायलों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं दुर्घटना का विवरण प्राप्त करने के बाद उनके परिजन गुवाहाटी पहुंच चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनोज/अरविंद/प्रभात

Similar News