खरगौन: खेत में मवेशी चरा रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा

Update: 2023-05-26 15:44 GMT


खरगोन, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में खेत में मवेशी चरा रहे एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तेंदुए को पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना में किसान घायल हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर अब उसकी जांच कर रही है। वन विभाग के डीएफओ ने बताया कि साफ जाहिर है कि तेंदुए पर हमला कर उसे मार दिया गया है। हम लोग जांच कर रहे हैं। जांच के बाद इसमें शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी अनुसार घटना शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे की है। झिरन्या के समीपवर्ती ग्राम नानकोड़ी (चैनपुर) के एक खेत में आदिवासी किसान उमेश पुत्र मुन्नालाल मवेशी चराने गया था। इस दौरान एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से आक्रोशित ग्रामीणों ने उस पर पत्थर, लाठी और डंडों से हमला कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में वहां ग्रामीण जन और वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। वन विभाग के डीएफओ प्रशांत कुमार सिह ने भी तेंदुए को मारने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि करीब चार साल के तेंदुए ने अचानक जंगल में ग्रामीण उमेश डावर पर हमला कर दिया था। गुस्साए और आक्रोशित ग्रामीणों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। मामले में जांच की जा रही है। मौके पर डॉग स्क्वॉड की टीम रवाना की गई है। तेंदुए का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा। फिर मौत का कारण स्पष्ट होगा। हलाकि तेंदुए के मुंह और अन्य जगह खून मिला है उससे लगा रहा है की तेंदुए पर हमला किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/चंद्रशेखर/मुकेश

Similar News