गोरखपुर: पहली बार शपथ लेगी पूर्ण बहुमत वाली 'शहर की सरकार'

Update: 2023-05-26 14:51 GMT




- भाजपा में उल्लास और उत्साह, नगर आयुक्त ने तैयारियों का लिया जाएजा

गोरखपुर, 26 मई (हिस.)। नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहली बार 27 मई शनिवार को पूर्ण बहुमत वाली शहर की सरकार बनाएगी। नगर निगम के चुनाव में इस बार भाजपा ने 42 वार्डों में सफलता मिली है। हालांकि पूर्ण बहुमत के नगर निगम बोर्ड के लिए 41 सीटों पर जीत जरूरी थी। नगर निगम गोरखपुर के इतिहास में पहली बार किसी भी दल को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। ऐसे में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में जुटी है।

शनिवार को गोरक्षनगरी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में नव निर्वाचित महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव समेत 79 सविरोध एवं 01 निर्विरोध निर्वांचित कुल 80 पार्षद 12 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। मण्डलायुक्त रवि कुमार एनजी, महापौर डॉ मंगलेश को शपथ दिलाएंगे। उसके बाद महापौर शेष 80 पार्षदों को शपथ दिलाएंगे।

इधर, नगर आयुक्त द्वारा पहले ही अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त डॉ मणि भूषण तिवारी, अविनाश प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता संजय चौहान, महाप्रबंधक जलकल रमेश चंद्र रघुवंशी समेत नगर निगम के अन्य अधिकारियों को अलग अलग दायित्व वितरित किया जा चुका है। पार्षद अजय राय के साथ अतिथियों के बैठने का क्रम तय है। नगर आयुक्त ने बताया कि आयोजन स्थल पर साफ सफाई के साथ अच्छे से साज सज्जा की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर 2500 लोगों के लिए इंतजाम हैं। सभी अतिथियों का निमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। सभी के जलपान का भी इंतजाम है।

इसलिए भी भाजपा में उल्लास

निवर्तमान उप सभापति ऋषि मोहन वर्मा कहते हैं कि नगर निगम चुनाव का परिणाम भाजपा के लिए जश्न मनाने वाला रहा। पिछली बार की तुलना में भाजपा को 15 सीटों का इजाफा हुआ है। समाजवादी पार्टी को 05 सीटों की क्षति हुई। बहुजन समाज पार्टी ने पिछली बार की तरह 05 सीट हासिल कर पुरानी स्थिति कायम रखी है। कांग्रेस पार्टी को 01 सीट मिली है। पिछली नगर निगम बोर्ड में कांग्रेस पार्टी से 02 पार्षद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/डा. आमोदकांत/राजेश

Similar News