घर के अंदर पूजा घर की छत गिरी, बच्ची की मौत

Update: 2023-05-26 14:39 GMT


बीकानेर, 26 मई (हि.स.)। बीकानेर के लूणकरणसर में एक घर में स्थित पूजा घर की छत गिरने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।

लूणकरणसर के सहनीवाला में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पांच वर्षीय नंदिनी घर के पूजा घर में धोक लगाने गई थी, तभी अचानक पूजा घर की छत गिर गई। वह छत के नीचे दब गई। काफी देर तक उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसने दम तोड़ दिया था। नंदिनी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पांच वर्षीय नंदिनी 3 बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के समय घर में सभी काम में लगे हुए थे, तभी धमाके की आवाज आई तो घर के अंदर बैठे लोग बाहर निकल कर आए और पूजा घर की ओर दौड़े। मलबे के नीचे देखा तो नंदिनी की चप्पल पूजा घर के आगे मिली, तब पता चला कि वह मलबे में दबी हुई है। जैसे-तैसे आसपास के लोगों ने मलबा हटाया तो वह घायल अवस्था में मिली। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मृत्यु हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ जोशी/ईश्वर

Similar News