जगदलपुर : नौपता के दूसरे दिन एक सर्प ने आधे शहर की बत्ती गुल कर दी

Update: 2023-05-26 13:48 GMT


जगदलपुर, 26 मई (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय में नौपता के दूसरे दिन एक पांच फुट लंबे सर्प ने आधे शहर की बत्ती गुल कर दी। सांप 11 केवी के मुख्य ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बैठ गया। इसके बाद एक तार से दूसरे पर जाने लगा, तभी शार्ट सर्किट हो गया। इसके चलते शहर के आधे हिस्से में लाइट चली गई। हालांकि सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सांप को निकालकर सप्लाई बहाल की गई।

शहर में शुक्रवार को अचानक से कई इलाकों में लाइट चली गई। काफी देर तक लाइट नहीं आई तो ऑनलाइन शिकायतों के साथ ही विभाग के फोन भी बजने लगे। इस पर बिजली विभाग को पता चला कि मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। उसे ढूंढते हुए कर्मचारी केंद्रीय विद्यालय के पीछे लगे 11 केवी के हाई वोल्टेज लाइन तक पहुंच गए। जांच के दौरान वहीं से तकनीकी खराबी का पता चला। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, सर्प के कारण 11 केवी की हाई वोल्टेज लाइन में शार्ट सर्किट हो गया था। जिसके चलते वहां लगा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके बाद कर्मचारियों ने मुख्य सप्लाई लाइन की मरम्मत की और सर्प को वहां से बाहर निकाला। इसके बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी है।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

Similar News