नवंबर तक गुरुग्राम के बंधवाड़ी हो पुराने कचरे की प्रोसेसिंग : कौशल

Update: 2023-05-26 13:41 GMT


- मुख्य सचिव ने ली गुरुग्राम एवं फरीदाबाद निगम अधिकारियों की बैठक

-गुरुग्राम निगम जल्द दो और वेस्ट लैंडफिलिंग साइटों की पहचान करेगा

चंडीगढ़, 26 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने गुरुग्राम प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पुराने कचरे के प्रसंस्करण में तेजी लाएं। इस साल नवंबर माह तक सारे पुराने कचरे को संसाधित किया जाना चाहिए।

कौशल ने शुक्रवार को चंडीगढ़ सिविल सचिवालय से शहरी स्थानीय निकाय विभाग तथा गुरुग्राम और फरीदाबाद के नगर निगमों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। फरीदाबाद में ताजा कचरे के प्रभावी प्रबंधन के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम फरीदाबाद द्वारा विभिन्न स्थलों पर 890 टन प्रतिदिन (टी.पी.डी.) की क्षमता की विकेन्द्रीकृत अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि मुझारी लैंडफिल साइट पर चार एकड़ भूमि पर अगले 15 दिनों के भीतर नई अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधा का काम शुरू होने की संभावना है। इस साइट को 171.95 लाख रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसकी प्रसंस्करण क्षमता 259 टी.पी.डी. होगी। इसके अलावा, प्रतापगढ़ में चार एकड़ भूमि पर 167.67 लाख रुपए की लागत से 250 टी.पी.डी. की क्षमता का एक अन्य अपशिष्ट प्रसंस्करण स्थल विकसित किया जा रहा है।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को जीपीएस युक्त वाहनों का उपयोग करके रिफ्यूज-डिराइव्ड फ्यूल (आरडीएफ) का समय पर निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुरुग्राम निगम अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि 30 सितंबर तक मुर्थल में जेबीएम वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट सुविधा में शेष 25,000 मीट्रिक टन आर.डी.एफ. का निपटान किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अपशिष्ट निपटान प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए गुरुग्राम में दो और लैंडफिल साइट्स की पहचान करने और एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे अंतिम रूप देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बंधवाड़ी साइट पर दैनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/प्रभात

Similar News