प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का किया स्वागत

Update: 2023-09-23 14:01 GMT


इटानगर, 23 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने हाल ही में संपन्न संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संसद के दोनों सदनों में पारित होने पर स्वागत करते हुए जश्न मनाया।

प्रधानमंत्री को बधाई देने के लिए आज बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एकत्रित हुईं, जिनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल थीं।

इस अवसर पर विधायक सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बियुराम वाहगे ने संसद और राज्य विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक पर साहसिक निर्णय लेने के लिए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की, जो भाजपा सरकार द्वारा उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है। राज्य और देश में कानून बनाने और प्रशासन चलाने में महिलाओं को सशक्त बनाना हैं। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के इस तरह की पहल का पूरा समर्थन और स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार समाज के सर्वांगीण विकास और देश में महिलाओं के कल्याण के लिए बहुत मेहनत कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लोकतांत्रिक समाज के विकास के लिए आरक्षण के माध्यम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी आवश्यक है। जब राजनीतिक नेतृत्व में महिलाओं का प्रतिनिधित्व किया जाता है, तो वे विविध दृष्टिकोण लेकर आती हैं।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष कोहमान के नगेमु ने देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पहल और ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधान मंत्री मोदी और उनकी टीम को धन्यवाद दिया और बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा पूरी तरह सक्षम है और आने वाले दिनों में हर मोर्चे पर जिम्मेदारी लेने को तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू/अरविंद

Similar News