वाराणसी। प्रशासन के लाख प्रयासों के बावजूद गंगा में स्नान के दौरान डूबकर होने वाली मौतों की संख्या बढती जा रही है। अभी कुछ दिन पहले ही चौबेपुर क्षेत्र में गंगा में डूबने से तीन लडकों की मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार को भी ऐसी ही घटना सामने आई। जहां दोस्तों संग दर्शन करने आए युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई।

चौबेपुर क्षेत्र के कैथी स्थित मारकंडेय महादेव मंदिर में दोस्तो संग दर्शन करने आए युवक संदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र वीरेंद्र प्रताप सिंह (22) की शुकवार को गंगा में डूबने से मौत हो गई। मौत की वजह नहाने के दौरान पैर फिसलना बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक संदीप सिंह उर्फ सोनू तेवर चोलापुर का रहने वाला था। वह तेवर में कपड़े की दुकान चलाता था। शुक्रवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ मार्कंडेय महादेव घाट पर पहुंचा था। इसी दौरान नहाते वक्त अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। लोगों ने उसे डूबने से बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

उसके साथ उसके चार दोस्त रितेश यादव, गोलू विश्वकर्मा, अंकित सिंह व दिनेश सिंह भी आए थे। जिसमें से एक दोस्त रितेश यादव का जन्मदिन था। उसी अवसर पर वह अपने दोस्तों के साथ मारकंडेय महादेव दर्शन करने आया था। दोपहर में दोस्तों के साथ मार्कण्डेय महादेव गंगा घाट नहाते समय अचानक युवक संदीप सिंह उर्फ सोनू डूब गया। डूबने की सूचना दोस्तों ने मार्कंडेय महादेव चौकी कैथी पर दी।

सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर राजीव सिंह, चौकी इंचार्ज काशीनाथ उपाध्याय ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा डूबने के सूचना पर पहुंचे पिता वीरेंद्र प्रताप सिंह का रो-रो कर बुरा हाल था।

मृतक संदीप तीन भाई बहन थे और वह तीसरे नंबर पर दो बहनों शालू व खुशबू में इकलौता भाई था। वह अविवाहित था। संदीप के पिता नोएडा में एक अख़बार में कार्यरत हैं। मृतक युवक के घर वालों से पुलिस वालों से कुछ देर के लिए घाट पर सुरक्षा को लेकर थोड़ी बहुत गहमागहमी भी हुई। हालांकि मामला किसी तरह सुलझा लिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Updated On 2 Jun 2023 3:01 PM GMT
बनारसी नारद

बनारसी नारद

Next Story