वाराणसी। पहाड़ों पर हो रही बारिश और कई जगहों पर आई बाढ़ के कारण गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। इस कारण घाटों पर दबाव बना है। अभी भी घाटों का आपसी संपर्क टूटा हुआ है।

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक गंगा का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। गुरुवार को गंगा का जलस्तर 64.76 मीटर रहा। वाराणसी में चेतावनी बिंदु 70.262 और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। पिछले 12 घंटे में 22 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है।

बादलों की आवाजाही रही जारी, बारिश के आसार

गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को बादलों की आवाजाही के साथ ही नम हवाएं भी चलती रहीं। इस कारण गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। भोर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। दोपहर में धूप हुई, लेकिन हवा में नमी अधिक होने की वजह से उसका असर कम रहा।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार दो दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story