आकांक्षा दुबे के परिजनों से देर रात उनके घर मिलने पहुंचे पवन सिंह, सरकार से की न्याय की मांग

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह सोमवार की देर रात भोजपुरी एक्ट्रेस आंकांक्षा दुबे के पैतृक गांव बरदहा पहुंचे। जहां उन्होंने आंकाक्षा के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए न्याय की लड़ाई में साथ देने का वादा किया। भोजपुरी अभिनेता के पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ बरदहा गांव में जुट गई।
इस दौरान पवन सिंह ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मामले की पुलिस जांच कर रही है और हमें कानून पर पूरा भरोसा है। पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा। कहा कि मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठायेगी, क्योंकि जितनी आकांक्षा अंदर से मजबूत थी। हमेशा हंसी मजाक करना, खुश रहने वाली लड़की ऐसा कदम उठा सकती है। हम लोग कभी भी कल्पना नहीं कर सकते हैं। सरकार से हम यही मांग करते हैं कि उस लड़की के साथ न्याय हो और उनके परिवार के साथ न्याय हो। इस घटना से हम सभी को दुख है और इस दुख की घड़ी में हम परिजनों के साथ हैं।
बता दें कि, भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे बीते दिनों वाराणसी सारनाथ के एक होटल में मृत अवस्था में पायी गई थी। घटना के बाद उनका परिवार मुंबई से सीधे वाराणसी पहुंचा। मां मधु दुबे लगातार भोजपुरी गायक व उसके भाई पर बेटी की हत्या का आरोप लगा रही हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इसके पहले अक्षरा सिंह भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट कर चुकी हैं।
