Varanasi : 24 घंटे से लापता मासूम का शव कुएं से बरामद, दादा के बिस्तर से गायब हुआ था पोता

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र से गुरुवार की सुबह 24 घंटे से लापता मासूम का शव शुक्रवार की सुबह घर से लगभग 400 मीटर दूर कुएं से बरामद हुआ। हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने चाचा पर हत्या की शंका के आरोप में उसे हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
मिली जानाकरी के अनुसार, वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के रायतारा पिंडरा स्थित अनुसूचित बस्ती में दादा के साथ सोए हुए तीन वर्षीय कृष्ण कुमार पोते का अपहरण कर हत्या कर दी गई। मासूम का शव 24 घंटे बाद शुक्रवार को घर से लगभग 400 मीटर दूर कुएं में उतराया हुआ मिला। बस्ती निवासी किशोरी लाल ने गुरुवार को फूलपुर थाने की पुलिस को सूचना दी थी कि उनका तीन वर्षीय पोता कृष्ण कुमार उनके पास सो रहा था। वह अलसुबह शौचालय से जब वापस आए तो बिस्तर से उनका पोता गायब था।
परिजनों संग आसपास पोते की तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लगा। किशोरी लाल की तहरीर पर फूलपुर थाने की पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मासूम की तलाश कर रही थी। इस बीच शुक्रवार की सुबह बस्ती के ही एक कुएं में बच्चे का शव उतराया मिला। वारदात की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। चाचा पर हत्या के शक के आरोप में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
फूलपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार राणावत ने बताया कि बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। परिजनों की शंका के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि, मासूम कृष्ण कुमार अपनी मां का इकलौता संतान था, उसके मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके पिता की मौत बीमारी के चलते हो चुकी है। दादा किशोरी लाल जिलापूर्ति अधिकारी के पूर्व ड्राइवर थे। 2008 में रिटायर्ड हुए थे। रो-रोकर मासूम की मां ने कहा कि अब वो किसके सहारे जिएगी। पति के बाद अब बेटा भी मेरे साथ नहीं रहा। ऐसी जिंदगी जी कर मैं क्या करूंगी।
