Akansha Dubey Suicide : वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल में रविवार को भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की फांसी पर लटकती हुई लाश मिली। जिसने सभी को चौंका दिया क्योंकि है की कल तक जो एक्ट्रेस इतनी हंसी ख़ुशी पार्टी कर रही थी अचानक से उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया। आकांक्षा 25 साल की थीं और बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थीं। उनकी मौत को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाए कर रहे है। आकांक्षा की मौत से पहले शनिवार रात वह सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं। रात को 2 बजे के बाद आकांक्षा दुबे इंस्टाग्राम पर लाइव आई थीं। काफी देर तक लाइव पर फूट-फूटकर रो रही थी। वहीं बेटी की मौत की खबर पाकर आज परिजन भी वाराणसी पहुंच गए।

आज होगा शव का पोस्टमॉर्टम

आकांक्षा का शव देखकर परिजन बिलखते रहे और उसके बारे में जानकारी जुटाते रहे। पुलिस ने परिजनों से तहरीर मांगी है, जिसके आधार पर आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं फोरेंसिक टीम भी कमरे की जांच कर सबूतों की रिपोर्ट देगी।

पार्टी से छोड़ने आया युवक 17 मिनट होटल में रहा

पुलिस ने शनिवार रात बर्थडे पार्टी से लौटकर साथ जाने वाले टिकरी निवासी संदीप सिंह से भी पूछताछ की। उसने बताया कि अभिनेत्री से उसकी पुरानी पहचान है। उसने फोन कर महमूरगंज बुलाया था और फिर होटल तक छोड़ने को कहा था। अभिनेत्री देर रात 1:55 बजे होटल पहुंची थी। रात 2:12 बजे होटल छोड़ने आया युवक संदीप बाहर निकला। इसके बाद 2:25 बजे इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री लाइव हुई। वह बहुत रो रही थी। पुलिस पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थी। उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गई।

मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

SP ज्ञानप्रकाश राय ने बताया, ''होटल सोमेंद्र के रूम नंबर 105 में रविवार सुबह एक महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जानकारी पर पता चला कि वह भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे थीं। वे शूटिंग के सिलसिले में बनारस आई थीं और 22 मार्च की रात होटल में रुकी थीं। उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। उनका परिवार काफी समय से महाराष्ट्र में रहता है। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।

सुसाइड के कुछ घंटे बाद रिलीज हुआ उनका भोजपुरी सॉन्ग

सुसाइड के कुछ घंटे बाद ही आकांक्षा का आखिरी भोजपुरी गाना रिलीज हुआ। गाने का टाइटल है 'ये आरा कभी हारा नहीं।' गाने के वीडियो को भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और आकांक्षा पर फिल्माया गया है। गाने के बोल जावेद अख्तर और इमामुद्दीन के हैं और म्यूजिक प्रियांशु सिंह ने दिया है।

वहीं आकांक्षा ने घटना से करीब 23 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी पर एक शायरी भी पोस्ट की थी। शायरी थी...'देखेंगे राह तेरी चाहे जमाना लग जाए, या तो आ जाए तू या हम ही ठिकाने लग जाएं।'

वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही पुलिस

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत की पड़ताल में जुटी सारनाथ पुलिस को अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला? उनके परिजनों के वाराणसी पहुंचने के बाद अब पुलिस को तहरीर का इंतजार है, इसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस अब उनके मोबाइल की वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही है।

आकांक्षा की मौत को संदिग्ध बता रहे हैं फैंस

फिलहाल आकांक्षा ने सुसाइड क्यों किया या मौत के पीछे क्या कारण है इन सवालों पर अभी भी संस्पेशन बना हुआ है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं उनके फैंस इस मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। उनकी मौत को हत्या के नजरिए से जोड़कर जांच की मांग उठाई है।

कम समय में इंडस्ट्री में अपनी अच्छी पहचान बनाई थी

आकांक्षा 25 साल की थीं और बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थीं। आकांक्षा मूललरुप से भदोही की रहने वाली थीं और उत्तर प्रदेश की जानी मानी कलाकारों में उनकी गिनती होती थी। एक्ट्रेस तीन साल की उम्र में पेरेंट्स के साथ मुंबई शिफ्ट हुई थीं। उनके पेरेंट्स उन्हें आईपीएस अफसर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका मन डांस और एक्टिंग में था। आकांक्षा ने भोजपुरी सिनेमा, संगीत और फिल्मों में भी काम किया था। उत्तर प्रदेश की अलावा उनकी पूरे देश में भी अच्छी फैन फॉलोइंग है। आकांक्षा इंस्टाग्राम पर रील्स भी बनाती थीं।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story