वाराणसी। वाराणसी में यातायात विभाग के लाख जागरूकता अभियान और चेतावनी के बावजूद सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन लोग रैश ड्राइविंग का शिकार हो रहे हैं। शनिवार देर रात भी ऐसा ही कुछ हादसा हुआ, जब तेज रफ़्तार ने एक गर्भवती महिला की जान ले ली। हादसा इतना दर्दनाक था कि गर्भवती महिला 20 मीटर तक सड़क पर घिसती चली गई।

घटना पुलिस लाइन गेट के सामने की है। जहां सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई। वहीं, हादसे में महिला के पति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक, आईजी रेंज ऑफिस से सेवानिवृत्त दरोगा संजय सिंह पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। चांदमारी क्षेत्र में उनका मकान बन रहा है। संजय सिंह की इकलौती बेटी वैष्णवी सिंह (24 वर्ष) की शादी दिसंबर 2021 में बलिया जिले के रसड़ा थाना के कुरेम गांव निवासी दरोगा सिंह के बेटे विक्रम शत्रुघ्न सिंह के साथ हुई थी। वैष्णवी गर्भवती थीं और एक हफ्ते बाद उनका प्रसव होना था। शनिवार को वैष्णवी को कार से लेकर विक्रम शत्रुघ्न सिंह 'डॉक्टर को दिखाने बनारस आए थे। इसके बाद वह पुलिस लाइन स्थित अपनी ससुराल गए। रात 11 बजे के लगभग वह स्कूटी पर वैष्णवी को बैठा कर चांदमारी स्थित अपने ससुर के मकान पर जा रहे थे। पांडेयपुर फ्लाईओवर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैष्णवी लगभग 20 मीटर दूर तक घिसटती चली गईं और विक्रम शत्रुघ्न सिंह छिटक कर दूर जा गिरे।

पुलिस कर्मियों की मदद से दंपती को समीप के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही विक्रम शत्रुघ्न सिंह को बीएचयू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कार सवार लोग उसे छोड़ कर भाग निकले। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से कार के साथ उसमें सवार एक व्यक्ति पकड़ा गया। पुलिस की सूचना पर आए विक्रम शत्रुघ्न सिंह के पिता दरोगा सिंह की तहरीर पर रविवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

दूसरे दिन दी गई पति को पत्नी के मौत की जानकारी

अस्पताल में भर्ती विक्रम शत्रुघ्न सिंह को शनिवार की रात उनकी पत्नी की मौत की जानकारी नहीं दी गई। रविवार को बलिया से उनके परिजन आए, तब उनकी पत्नी की मौत की जानकारी उन्हें दी गई। परिजनों के अनुसार, विक्रम शत्रुघ्न सिंह की रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। गर्भवती पत्नी की मौत की जानकारी पाने के बाद उनकी आंखों से आंसुओं की धार रुकने का नाम नहीं ले रही है। उधर, वैष्णवी के बीमार पिता संजय सिंह भी रो रोकर बेहाल थे।

बनारसी नारद

बनारसी नारद

Next Story