वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हुपुर स्थित कच्चा बाबा मंदिर के पोखरे में सुबह एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। शव की पहचान अमौली निवासी राजेंद्र गोंड (28 वर्ष) के तौर पर हुई। वह 19 अगस्त से ही लापता था। मृतक की पत्नी ने अपने पति की हत्या कर शव को फेंके जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह ग्रामीण जब पोखरे की ओर गए, तो शव को उतराया हुआ पाया। जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर शव की शिनाख्त की। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी लक्ष्मीना देवी ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त की सुबह दस बजे उसके पति अमौली गांव में मजदूरी करने गए थे, रात तक नहीं लौटे। आशंका जताई कि उसके पति की हत्या कर शव को पोखरे में फेंक दिया गया।

चौबेपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Updated On 20 Aug 2023 4:06 PM GMT
बनारसी नारद

बनारसी नारद

Next Story