ताइवान में आज बुधवार की सुबह 7.5 तीव्रता का भीषण भूकंप आया है। इस भूकंप ने जापान के दक्षिणी द्वीपों को हिलाकर रख दिया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की है।

भूकंप का केंद्र 23.81 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 121.74 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 12 किमी की गहराई पर था। भूकंप के कारण तीन मीटर ऊंची सुनामी के लहरों की आशंका पैदा हो गई है। स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे से कुछ देर पहले यह भूकंप आया। भूकंप के कारण ताइवान में बड़ी तबाही भी देखी गई है।

ताइवान के अग्निशमन विभाग ने बुधवार को कहा कि द्वीप के पूर्वी तट पर आए 7.2 तीव्रता के भूकंप के बाद अब तक एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है और 50 से अधिक घायल हो गए हैं। बिल्डिंग ध्वस्त हो गई हैं। भूकंप के कारण ढही इमारतों में लोग फंसे हुए हैं।

एक्स पर JMA के आपदा तैयारी अकाउंट ने एक पोस्ट में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए चेतावनी दी है। उन्हें कहा गया है कि वह तब तक इलाका न छोड़ें, जब तक कि आगे की स्थिति साफ न हो जाए। ट्वीट में लिखा गया है, '3 तारीख को 9:01 बजे तक सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। सुनामी बार-बार आती है। जब तक चेतावनी न हटा ली जाए, तब तक अपना सुरक्षित स्थान न छोड़ें।' JMA का कहना है कि ओकिनावा और मियाजोकिमा और येयामा द्वीप समूहों पर 10 फीट तक ऊंची सुनामी का खतरा है।

1999 में आया था खतरनाक भूकंप

चीन के सरकारी मीडिया के अनुसार दक्षिण-पूर्वी फुजियान प्रांत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। ताइवान के भूकंप विज्ञान केंद्र के निदेशक वू चिएन फू ने कहा, 'भूकंप जमीन के करीब है और उथला है। इसे पूरे ताइवान और अपतटीय द्वीपों पर महसूस किया गया। 25 वर्षों में यह सबसे मजबूत भूकंप है।' सितंबर 1999 में ताइवान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 2400 लोगों की मौत हुई थी। ताइवान में अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहते हैं, क्योंकि यह द्वीप दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story