नोमी (जापान), 19 मार्च (हि.स.)। भारत के 20 किलोमीटर पैदल चाल के एथलीट विकास सिंह और परमजीत सिंह बिष्ट ने रविवार को यहां एशियाई चैंपियनशिप में क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करके 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक और 2023 में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

विकास और परमजीत ने एशियाई 20 किलोमीटर पैदल चाल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में क्रमश: 1:20:05 समय (एक घंटा, 20 मिनट, पांच सेकंड) और 1:20:08 के साथ दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। चीन के कियान हैफेंग (1:19:09) ने पहला स्थान हासिल किया।

पेरिस में 2024 में होने वाले ओलंपिक खेल और हंगरी के बुडापेस्ट में इस साल अगस्त में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाइंग मार्क 1:20:10 है। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने इसे मामूली अंतर से हासिल किया।

पिछले माह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीत दर्ज कर ओलंपिक और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले अक्षदीप सिंह ने 1:20:57 का समय निकाला और वह पांचवें स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार कोई भी देश आधिकारिक प्रविष्टियों के अलावा ओपन वर्ग में खिलाड़ियों को भेज सकता है लेकिन उनका प्रदर्शन आधिकारिक नहीं माना जाएगा। भारत ने ओपन वर्ग में चार पुरुष और तीन महिला खिलाड़ी भेजे थे।

पुरुषों के वर्ग में दो अन्य भारतीय सूरज पंवार और हरदीप ने क्रमश: 1:22:31 और 1:25:38 का समय निकाला। महिला वर्ग में पिछले महीने राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतकर ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुकीं प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं के आधिकारिक प्रवेश वर्ग में 1:32:27 का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। वह चौथे स्थान पर रहीं। भारत की मुनीता पजापति और भावना जाट ओपन वर्ग में क्रमश: 1:33:22 और 1:36:20 के साथ बड़े अंतर से ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग मार्क 1:29:20 से चूक गईं। इस तरह से भारत के अब तक चार एथलीट ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद/पवन

Updated On 21 March 2023 2:32 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story