अयोध्या में नव्य-भव्य-दिव्य राम मंदिर बनने के बाद से वहां VVIP का जाने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में योगी कैबिनेट के मंत्री और एनडीए विधायक भी रामलला के दर्शन करने के लिए लग्जरी बसों से विधानसभा के सामने से अयोध्या के लिए रवाना हुए।

आरएलडी के विधायक, राजा भैया और आराधना मिश्रा आदि भी साथ में अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। दोनों डिप्टी सीएम और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बस संख्या- 1 से रवाना हुए। दोपहर साढ़े 12 बजे तक विधायकों का यह दल श्री राम मंदिर पहुंच जाएगा।

प्रदेश सरकार के मंत्री व विधायक के साथ उत्तर प्रदेश के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ भी रविवार को रामलला के दर्शन करेंगे। सीएम योगी राजकीय विमान से अयोध्या पहुंचेंगे। लखनऊ से मंत्रियों व विधायकों का दल 10 लग्जरी बसों के द्वारा अयोध्या पहुंचेंगे। सभी अतिथिगण हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ और इसके साथ-साथ वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन के लिए यह बड़ी चुनौती है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सीएम योगी दोपहर 12 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजकीय विमान से पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। सीएम के आने से पहले सुबह 11:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी मंत्री व विधायक हनुमानगढ़ी पहुंच जाएंगे। यहां एक घंटे की अवधि में सभी को दर्शन कराया जाएगा।

दोपहर 12:30 बजे मंत्री व विधायकों का दल रामजन्मभूमि पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे तक सभी जन्मभूमि परिसर में ही रहेंगे। सीएम के भी एयरपोर्ट से सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचने की संभावना है। यहां से वह अपनी कैबिनेट के सहयोगियों व विधायकों के साथ राम मंदिर जाएंगे। रामलला के दर्शन के बाद सभी विशिष्ट मेहमानों को परिसर में ही लंच कराया जाएगा। इसमें भी मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।

परिवहन निगम की ओर से दस सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को तैयार कर लिया गया था। बसों का भौतिक निरीक्षण अफसरों ने किया है। बसों को फूलों से सजाया गया है। भगवान राम के ध्वज व स्टिकर लगाए गए हैं। विधानसभा के सामने से रविवार सुबह 8.30 बजे बस विधायकों को लेकर अयोध्या रवाना हुई।

इसके लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। हम अपने दोनों सदनों के सम्मानित सदस्यों के साथ अयोध्या प्रस्थान कर रहे हैं।

वहीं BSP विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि सपा के नेता राजनीति कर रहे हैं, लेकिन हम इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करेंगे। हमारी पार्टी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। किसी को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।

इसके पहले शनिवार को 10 सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को क्षेत्रीय कार्यशाला में दुरुस्त किया गया। उनकी साफ सफाई की गई। बसों को गुलाब और गेंदे के साथ ही टेसू के फूलों से भी सजाया गया। आरटीओ कार्यालय में तैनात संभागीय प्राविधिक अधिकारी (आरआई) प्रशांत कुमार और विष्णु कुमार ने माननीयों को ले जाने वाली बसों का कार्यशाला में भौतिक निरीक्षण किया। बसों में भगवान राम के ध्वज और राम मंदिर के स्टीकर लगाए गए। इन पवन हंस बसों में भी रामधुन की व्यवस्था भी की गई है।

Vipin Singh

Vipin Singh

Next Story