वाराणसी/चंदौली। पूर्वांचल में बीजेपी का पलड़ा भारी देखकर अब विपक्षियों ने भी अपनी कमर कास ली है पूर्वांचल में अपना झंडा लहराने और अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए इंडिया गठबंधन पहली बार 16 फरवरी को चंदौली में एकजुट होगा। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित I.N.D.I.A. गठबंधन के अन्य नेता एक मंच पर शामिल होंगे।

16 फरवरी को चंदौली में जनसभा करने के बाद इंडिया गठबंधन अपना शक्ति प्रदर्शन करने के लिए 17 फरवरी को वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम तक पैदल मार्च करेगा। फिलहाल, इंडिया गठबंधन से जुड़े सभी राजनीतिक दलों को कांग्रेस पार्टी की ओर से न्योता भेजा जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 फरवरी को चंदौली से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। भाजपा के गढ़ में यात्रा प्रवेशकर इंडिया गठबंधन अपनी ताकत दिखाएगी। चंदौली में जनसभा कर इंडिया गठबंधन पूर्वांचल में चुनावी शंखनाद करेगी।

दरअसल, लोकसभा 2024 के चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालकर एक बार फिर से पार्टी को मजबूत करने की कोशिश की है। ऐसे में गठबंधन से जुड़े तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, अपना दल सहित अन्य दलों के नेता भी शामिल होकर एकजुटता का संदेश देंगे।

बता दें कि मिर्जापुर, आजमगढ़ और वाराणसी मंडल की 69 विधानसभा सीटों में 30 से ज्यादा सीटें सपा के हिस्से में आई थीं। ऐसे में इंडिया गठबंधन के लिए पूर्वांचल की धरती काफी मायने रखती है। चंदौली की जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, अपना दल कमेरावादी की कृष्णा पटेल, बाबू राम कुशवाहा सहित अन्य नेताओं को शामिल करने की तैयारी है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी वाराणसी में गोलगड्डा, पीलीकोठी, विश्वेरश्वर गंज, मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे। यहां दर्शन-पूजन के बाद वे भदोही रवाना हो जाएंगे। यात्रा अमेठी, लखनऊ, बरेली, आगरा होते हुए राजस्थान जाएगी।

हम पूरी एकजुटता से पूर्वांचल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं। सभी दलों के नेताओं को चंदौली की जनसभा का न्यौता भेजा गया है। हमें उम्मीद है कि गठबंधन के सभी नेता वाराणसी में एकसाथ मौजूद होकर जनता को संदेश देंगे।

Vipin Singh

Vipin Singh

Next Story