जहां एक ओर विपक्षी दलों के 'I.N.D.I.A' गठबंधन एकजुटता दिखा रहे है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान से कांग्रेस-सपा के बीच आपसी विवाद देखने को मिल रहा है। दरअसल, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा उन्हें घोसी जीतने वाले किसी भ्रम में ना रहें।

बागेश्वर में सपा का कोई अस्तित्व नहीं है

घोसी उपचुनाव परिणाम के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को मऊ पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि हाल ही में घोसी सहित सात सीटों पर उपचुनाव हुए। उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर अगर समाजवादी पार्टी साथ देती तो कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होती। अजय राय ने कहा कि बागेश्वर में सपा का कोई अस्तित्व नहीं है। बावजूद इसके उन्होंने प्रत्याशी उतारा। यही कारण रहा कि कांग्रेस को हार मिली।

समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर

अजय राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। कांग्रेस पार्टी ने बड़ा दिल दिखाते हुए घोसी उपचुनाव में सपा का साथ दिया। इसके साथ ही कि कहा कि घोसी उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाली पार्टी ये भ्रम में ना रहे कि उसने अपने दम पर मैदान फतह की है।

बता दें कि, घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए घोसी की जनता का आभार जताया था और समाजवादी पार्टी को बधाई दी थी। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की जीत को लेकर अजय राय ने कहा था कि यह INDIA गठबंधन की जीत हैं। गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिन- रात मेहनत की और यही वजह है कि गठबंधन के प्रत्याशी को रिकॉर्ड वोट मिले। अजय राय ने ऐलान करते हुए कहा था कि यह परिणाम दर्शाता है कि आगामी 2024 में बड़े नेताओं की हार होगी।

अब कांग्रेस के नेतृत्व में गठित हुए विपक्षी दलों के गठबंधन 'I.N.D.I.A' का यूपी में क्या असर होगा, यह तो आने वाले दिनों में पता चलेगा, लेकिन यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान से प्रदेश में सियासी तापमान बढ़ने वाला है।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story