इस्लामाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के दस लोगों की मौत हो गयी। तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहिस्तान जिले के सेरी पट्टन क्षेत्र के एक घर में अचानक भीषण आग लग गयी। मौके पर पहुंचे राहत व बचाव कर्मियों ने आग की चपेट में आए तेरह लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कर्मियों के मुताबिक आग लगने से पहले घर में चौदह लोग मौजूद थे। एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

बताया गया कि खैबर पख्तूनख्वा के इस पहाड़ी इलाके में अधिकतर घर लकड़ी के बने होते हैं, जो आग लगने की घटना में पूरी तरह तबाह हो जाते हैं। अग्निकांड का शिकार घर में भी यही हुआ।

राहत कर्मियों ने बताया कि घर की छत में आग लगी थी, जिसके बाद छत टूट कर परिवार के लोगों पर गिर गई। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी। पुलिस का कहना है कि मृतक और घायल सभी एक ही परिवार से हैं।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर गुलाम अली और कार्यकारी मुख्यमंत्री आजम खान ने घटना पर दुख जताया और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार/ संजीव मिश्र

Updated On 22 March 2023 12:13 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story