काठमांडू, 17 मार्च (हि.स.)। नेपाल के उपराष्ट्रपति पद के लिए जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) के राम सहाय प्रसाद यादव निर्वाचित हुए। यादव ने सीपीएन (यूएमएल) उम्मीदवार अष्टलक्ष्मी शाक्य और जनमत पार्टी उम्मीदवार ममता झा को हराकर जीत हासिल की।

इससे पूर्व काठमांडू के न्यू बानेश्वर स्थित संसद भवन के मतदान केंद्र में शुक्रवार सुबह 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक मतदान के बाद मतों की गिनती की गई।

चुनाव आयोग कार्यालय द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार राम सहाय यादव को 30 हजार 328 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीएन (यूएमएल) की अष्टलक्ष्मी शाक्य को 16 हजार 328 मत मिले। जनमत पार्टी की ममता झा को 02 हजार 537 वोट मिले और जसपा की प्रमिला कुमारी को 48 वोट मिले। प्रमिला कुमारी पहले ही उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा कर चुकी थीं।

उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित रामसहाय प्रसाद यादव को नेपाली कांग्रेस, सीपीएन (एमसी), सीपीएन (यूएस), जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) और सत्तारूढ़ गठबंधन के स्वतंत्र सांसदों का समर्थन प्राप्त था। जबकि सत्ताधारी गठबंधन में शामिल जनमत पार्टी, नागरिक उन्मुक्ति और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने जनमत के उम्मीदवार झा का समर्थन किया।

उपराष्ट्रपति के रूप में चुने गए रामसहाय बारा से प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए सांसद हैं। उनके उपराष्ट्रपति बनने के बाद यहां उपचुनाव होगा। उपचुनाव में इस सीट पर जसपा अध्यक्ष उपेंद्र यादव उम्मीदवार बनने की तैयारी में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ दीपेश

Updated On 22 March 2023 12:13 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story