उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित मां विंध्यवासिनी के प्रसिद्ध मंदिर में सोमवार को शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों ने भारी संख्या में दर्शन किया। माता विंध्यवासिनी की मंगला आरती के तुरंत बाद श्रद्धालुओं की अटूट कतार लग गई। मां ब्रह्मचारिणी के स्वरूप में मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर माता के भक्त पुण्य की कामना कर रहे हैं।

विंध्यधाम में मत्था टेकने के बाद श्रद्धालुओं ने अष्टभुजा और काली खोह मंदिरों पर दर्शन-पूजन किया साथ ही त्रिकोण परिक्रमा भी की। विंध्य धाम की गलियां माता के जयकारों से गूंजी हुई हैं। बता दें कि आधी रात से ही माता के दरबार में दर्शन करने आये श्रद्धालु गंगा नदी में डुबकी लगाने के बाद माता के दरबार पहुंचे और मत्था टेका। मां का दर्शन कर भक्त निहाल हो गए।

कोई मंदिर के अंदर गया, तो किसी ने झांकी से ही माता का दर्शन और पूजन किया। सोमवार सुबह, मंगला आरती के बाद, मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु चारों ओर से मंदिर की तरफ़ उमड़ पड़े। रात में, पुष्प, चुनरी, और रंग-बिरंगे झालरों से सजा मंदिर अद्वितीय रूप में चमका। नवरात्र के पहले दिन, विंध्य धाम में माता के ढाई लाख से अधिक भक्तों ने हाज़िरी लगाई थी।

Rishika Kukrety

Rishika Kukrety

Next Story