वाराणसी। रामनवमी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया था, जिसका समापन गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव के साथ संपन्न हुआ। बुधवार को विधि विधान से धाम परिसर में आयोजित इस अखंड रामायण पाठ में व्यासपीठ पर विराजमान पंडित प्रेम प्रकाश दुबे और उनकी टीम ने इस आयोजन को संगीत में पाठ करके संपन्न कराया। इस अखंड पाठ के समापन के बादा श्री राम का जन्म उत्सव मनाया गया। हवन पूजन के साथ समापन हुए इस आयोजन के दौरान लगाए जा रहे जय श्रीराम के नारे से पूरा परिसर गूंज उठा।



इस आयोजन के समापन होने के बादा श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन था, जिसमें 1000 से अधिक दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं ने सात्विक प्रसाद ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मंदिर के ट्रस्टी पंडित चंद्रमौली उपाध्याय, वेंकट रमन घन पाठी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्रा, एसडीएम शंभू शरण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी गण उपस्थित रहे।




धाम में वेद पाठ का हुआ आयोजन

राम नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में वेद पाठ का आयोजन किया गया। मंदिर के ट्रस्टी श्री वेंकट रमन घन पाठी के आचार्यत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद सहित कई अन्य वेद की ऋचाओं का सस्वर पाठ करके इस कार्यक्रम को पूर्ण कराया। इस कार्यक्रम के समापन के पश्चात मंदिर परिसर में भव्य डमरू वादन हुआ।



वेद पाठी ब्राह्मणों का स्वागत मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने अंग वस्त्र रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंट करके किया। इस कार्यक्रम के दौरान मंदिर में हर हर महादेव का उद्घोष जारी रहा।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story