वाराणसी। नए साल की पहली सुबह धर्म की नगरी काशी में महादेव के जयघोष हर-हर महादेव से गुंजायमान है। वर्ष की पहली सुबह पूरे देश से भक्त श्रीकाशी विश्वनाथ के…

वाराणसी। नए साल की पहली सुबह धर्म की नगरी काशी में महादेव के जयघोष हर-हर महादेव से गुंजायमान है। वर्ष की पहली सुबह पूरे देश से भक्त श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन को पहुंचे हैं। भक्तों का रेला ऐसा उमड़ा है कि मंगला आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भक्तों की लम्बी लाइन लगी हुई है।

बता दें कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मंदिर प्रशासन के अनुसार 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा दरबार में हाजिरी लगाई थी। आज 5 लाख से अधिक भक्तों के दर्शन-पूजन की उम्मीद है। इसके अलावा शहर के सभी देव विग्रहों पर भक्तों का हुजूम उमड़ा हुआ जिसमे काशी के कोतवाल काल भैरव, संकटमोचन दरबार और देवी दुर्गा का धाम दुर्गाकुंड मंदिर।

द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन को श्रद्धालु कड़ाके की ठण्ड और कोहरे में भी कतारबद्ध दिखाई दे रहे हैं। चारों तरफ हर-हर महादेव का जयघोष फ़िज़ा में गूँज रहा है। भक्त अपने ईष्ट की एक झलक पाने को बेताब दिखे। सासाराम से आये भक्त रमेश प्रजापति ने बताया कि पिछले कई सालों से नव वर्ष पर बाबा का दर्शन करने आ रहा हूँ। कल रात ही यहाँ पहुंचा हूँ और सुबह 3 बजे से लाइन में लगा था। 7 बजे श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन हुए हैं। कोरोना को देखते हुए झांकी दर्शन की व्यवस्था की गयी है पर दूर से ही भगवान् को देखकर मन को सुकून मिला है।

रमेश ने कहा कि बाबा से भारतवासियों का स्वास्थ्य और कोरोना के सफाये की कामना की है। वहीँ एक अन्य महिला भक्त आरती सिंह ने बताया कि वह बनारस की रहने वाली हैं और साल के प्रथम दिन बाबा का दर्शन अवश्य करती हैं, जो कि पिछले 30 सालों से जारी है।

इसके अलावा काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में भी भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है। भक्त मंगला आरती के बाद से ही बाबा के दर्शन को उमड़ पड़े हैं। यहाँ भी श्रद्धालु कतारबद्ध हैं। वहीं संकटमोचन मंदिर और दुर्गाकुंड मंदिर में भी साल के प्रथम दिन दर्शन को श्रद्धालु उमड़े हैं।

Updated On 1 Jan 2023 6:06 AM GMT
admin

admin

Next Story