Year Ender 2023 Big Incident In Varanasi : साल 2023, 4 दिन बाद सभी को अलविदा कह जाएगा और नया साल 2024 (News Year 2024) का आगाज होगा। हर जाता हुआ साल अपने साथ कई घटनाएं और स्मृतियां छोड़ जाता है। ये साल भी कुछ ऐसा ही रहा कहीं खुशी दिखी, तो कहीं किसी की आंखे रही नम, कई तरह के उतार चढ़ाव व कई ऐसे बड़ी घटनाएं देखने व सुनने को मिली जिसने लोगों को दहला कर रख दिया। तो आइए एक नजर डालते है साल 2023 में वाराणसी में हुई उन 8 बड़ी वारदातों पर जिनकी काफी चर्चा रही, तो कुछ घटनाएं वाराणसी पुलिस के लिए चैलेजिंग भी रही।

जानें 2023 में वाराणसी में हुई 8 बड़ी वारदातें


थर्माकोल के डिब्बे में मिला मासूम का शव

29 जनवरी 2023 को वाराणसी में साढ़े चार साल के बच्चे की निर्मम हत्या ने सभी को हिला कर रख दिया था। ये घटना जैतपुरा थाना क्षेत्र के दोषीपुरा की थी, यहां बुनकर मोहम्मद जुनैद अंसारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी शीबा परवीन और बड़े बेटे मोहम्मद जियान के साथ ही छोटा बेटा अबू इस्माइल था। जो रात 9 बजे के आसपास अपने पड़ोस के बच्चे के साथ घर से टॉफी लेने के लिए निकला और फिर नहीं लौटा। इसके बाद बच्चे का शव दूसरे दिन थर्माकोल के डिब्बे में छिपाया हुआ पाया गाया था। इस घटना में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची थी।

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत

26 मार्च 2023 को भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का शव वाराणसी के एक होटल में फंदे से लटकता शव पाया गया था, इस खबर ने सभी को चौंका कर रख दिया था। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने घटना के बाद समर सिंह और संजय सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए सारनाथ थाने में तहरीर दी थी। सारनाथ थाने की पुलिस ने दोनों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की था। संजय सिंह फिलहाल जमानत पर बाहर है। वहीं समर सिंह जिला न्यायालय ने समर सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। 9 महीने बीतने के बाद भी अबतक इस मौत की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है।



भेलूपुर डकैती कांड

भेलपुर थाना क्षेत्र के बैजनत्था क्षेत्र स्थित गुजरात की फर्म के कार्यालय में 29 मई 2023 को एक करोड़ 40 लाख रुपये की डकैती की घटना से सभी को हैरान कर दिया था, जिसके बाद पुलिस महकमे से लेकर आम लोगों में हड़कंप मच गई थी। हालांकि अगले दिन 30 मई की रात नाटकीय ढंग से लावारिस गाड़ी में 92.94 लाख रुपए बरामद हुए थे। इस केस में 12 अज्ञात असलहाधारियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में डकैती सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें तत्कालीन थाना प्रभारी रमाकांत दूबे समेत सात पुलिसकर्मी भी हैं।वहीं डकैतीकांड के बाद गुजरात की फर्म के कर्मचारी विक्रम सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। विक्रम ने तहरीर में बताया था "29 मई की रात अजीत मिश्रा उर्फ गुरु जी 12 असलहाधारियों के साथ शंकुलधारा स्थित आदि शंकराचार्य कॉलोनी स्थित कार्यालय में घुस आए। मारपीट और धमकाकर कलेक्शन के 1.40 करोड़ रुपए लूट लिए। इसे घटना में तत्कालीन थाना प्रभारी सहित 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड भी हुए हैं।

ढाबा संचालक की गला रेतकर हत्या

18 अगस्त 2023 को वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवा हाईवे के किनारे दीवान ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए हाईवे जाम कर काफी हंगामा किया था। वहीं 19 अगस्त को इस घटना का अनावरण करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जिसमें पता चला कि संचालक की गला रेत कर हत्या उसके दोस्त ऑटो चालक ने शराब के नशे में धुत होने पर नोकझोंक के बाद की थी। इस मामले में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने अपनी टीम के साथ दबिश देकर आरोपी प्रेमचंद को उसके गांव से ही गिरफ्तार किया था।



चाइल्ड किडनैपिंग केस

14 मई 2023 की रात भेलूपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्र शुक्ल चौराहे के पास सड़क किनारे सो रहे 4 साल के मासूम की किडनैपिंग की घटना ने भी सभी को हैरान कर दिया था। इस घटना में रामचंद्र शुक्ल चौराहे के पास सड़क किनारे सो रहे संजय कुमार के 4 वर्ष के बेटे को कार सवार युवकों ने किडनैप कर लिया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसके बाद भेलूपुर पुलिस ने सीसी कैमरा की जांच की और चाइल्ड किडनैपिंग करने वाले गिरोह तक पहुंच गई। वहीं इस मामले में तीन राज्यों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।


दिनदहाड़े महिला से लाखों रुपए की छिनैती

1 अक्टूबर 2023 को अपने बेटे का एडमिशन कराकर दिल्ली से वापस अपने घर वाराणसी लौट रही महिला से दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना से सनसनी मच गई थी। इस घटना में दो हौसला बुलंद बदमाश टोटो सवार महिला से सुबह छह बजे पैसों से भरा बैग छीनकर भाग निकले थे। बैग के छिनने-झपटने में महिला टोटो से गिर पड़ी और उसे चोट लग गई। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं पीड़िता ब्रम्हानंद निवासी प्रीति सिंह ने बताया था कि वह दिल्ली अपने बेटे गौरांश का एडमिशन कराने गई थी। वह शिवगंगा ट्रेन से रविवार की सुबह बनारस स्टेशन पर उतरी और वहां से टोटो से अपने घर जैसे ही पहुंची थी की 100 मीटर पहले लाल अपाचे बाइक से मुंह खोले दो युवक पहुंचे और महिला से बैग लेकर भाग निकले थे।


IIT-BHU की छात्रा से दुष्कर्म

1 नवंबर 2023 की देर रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा संग छेड़छाड़ की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। इस घटना में 1 नवंबर की देर रात करीब 1 बजे आईआईटी-बीएचयू की छात्रा अपने दोस्त के साथ घूमने निकली थी, तभी IIT-BHU की एक छात्रा से कैंपस में तीन बाइक सवारों ने छेड़छाड़ की थी। इस पूरे घटना की जानकारी होते ही 2500 छात्र-छात्राओं ने गुरुवार 2 नवंबर को 11 घंटे तक प्रोटेस्ट किया था। देर रात तक छात्र अपनी मांग को लेकर अड़े रहे थे। वहीं मामले को बढ़ता देख पुलिस और IIT-BHU के डायरेक्टर ने देर रात छात्रों के साथ बैठक की। उन्हें भरोसा दिया कि 7 दिन में सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इसके बाद छात्रों ने 11 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म किया था। वहीं 47 दिन बाद भी इस घटना के तीन आरोपियों को पुलिस अब तक चिह्नित नहीं कर सकी।

बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट

8 नवंबर 2023 की रात रोहनिया थानाक्षेत्र में बुजुर्ग दंपति को बीती रात बंधक बनाकर लाखों की लूटपाट की घटना ने सभी को चौंका दिया था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस घटनामें अखरी पुलिस चौकी अंतर्गत वैष्णव विहार कॉलोनी (अमरा) में हिन्डाल्को से रिटायर रविंद्र नाथ सिंह के मकान में देर रात चार लोग बाउंड्री वॉल फांदकर घुसे थे। इसके बाद घर के लकड़ी के दरवाजे में जाली लगी थी, जिसे काटकर चारो कमरे में घुसे और बुजुर्ग दंपत्ति को आतंकित करते हुए उनके हाथ पैर और मुंह को बांध दिया। इसके बाद घर में लूटपाट की गई थी। वहीं इस घटना में अबतक बदमाशों को पुलिस नहीं पकड़ पाई है।

Ankita Yaduvanshi

Ankita Yaduvanshi

Next Story