सोनभद्र, 13 मार्च (हि.स.)। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग लड़की से शादी कर रहे राजस्थान का युवक समेत तिन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया की राजस्थान प्रान्त से एक युवक आकर जनपद सोनभद्र के राबर्टसगंज में स्थित दंडित बाबा मंदिर पर शादी कर रहा है। इसमें लड़की नाबालिग है। इसकी सूचना पर जिला प्रोवेशन अधिकारी राजेश कुमार खैरवार के निर्देश पर थाना मानव तस्करी रोधी इकाई, महिला थानाध्यक्ष व महिला कल्याण विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पूछ-ताछ किया गया। पता चला कि दो लाख रुपये में बिचौलिये के माध्यम से भीलवाड़ा जहाजपुर राजस्थान के रहने वाले निवासी के साथ आज शादी हो रही थी जिसमें बालिका प्रथम दृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही थी। इस कारण दोनों पक्षों को महिला थाने ले जाया गया। जहाँ पर युवक के पिता बजरंग लाल ने बताया कि विष्णु प्रकाश शर्मा निवासी नसौराबाद राजस्थान ने हमारे लड़के सुनील की शादी के लिये एक लाख 80 हजार रूपये में तय किये थे। इसमें बिचौलिये ने लड़की की फोटो दिखायी और यहाँ के बिचौलिया गीता व संजय निवासी बरकरा सोनभद्र से बात भी करवायी। फिर हम और हमारे लड़के सुनील कुमार व विष्णु तीनों लोग गीता व संजय के घर नौ मार्च को आये। गीता व संजय को एक लाख रुपये व विष्णु को 80 हजार रुपये दिये। इसके बाद शादी हो रही थी। तभी संयुक्त टीम पहुँच गयी और हम लोगों को थाने ले आयी।

संयुक्त टीम में महिला थानाध्यक्ष राबर्टसगंज सरोजमा सिंह, थाना मानव तस्करी रोधी इकाई सोनभद्र से उप निरीक्षक हरिदत्त पाण्डेय व मुख्य आरक्षी धनंजय यादव, जिला बाल संरक्षण इकाई सोनभद्र से संरक्षण अधिकारी रोमी पाठक, ओ आर डब्ल्यू शेषमणि दुबे, महिला शक्ति केन्द्र से जिला समन्वय साधना मिश्रा, वन स्टाप सेन्टर से केन्द्र प्रशासक दीपिका सिंह ने जाँच में मौके पर बिचौलिया गीता व संजय के पास से 50 हजार रुपया व विष्णु प्रकाश शर्मा के पास से 10 हजार रुपया बरामद किया। बालिका के उम्र के सम्बन्ध में पाया गया कि बालिका बालिग है। परन्तु बिचौलियों द्वारा पैसा लेकर दोनों पक्षों को अन्धेरे में रखकर शादी करवायी जा रही थी जिसके लिये टीम ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए थाना कोतवाली ले आयी।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष

Updated On 22 March 2023 12:06 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story