नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ड्रग तस्करी के मामले में एक विदेशी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहन गार्डन इलाके में छापेमारी करते हुए नाइजीरियाई युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से 1050 ग्राम मेथाक्लोवन बरामद हुआ है। आरोपित की पहचान ओलुबेबे दमैन के रूप में की गई है। आरोपित वर्तमान में उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में रहता था।

अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने सोमवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली में किसी अज्ञात व्यक्ति को ड्रग्स की आपूर्ति के लिए आएगा। सूचना के आधार पर छापेमारी के लिए एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस की टीम ने लगभग 11:25 बजे नाइजीरियाई मूल के एक संदिग्ध व्यक्ति को मोहन गार्डन के खाली प्लॉट में देखा। मुखबिर की निशानदेही पर उसकी पहचान की गई और इसके बाद टीम ने उसे रुकने के लिए कहा, तो वह घबरा गया और भीड़-भाड़ वाली गलियों में भाग गया। हालांकि टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।

उसके पास से एक पॉलिथीन बैग मिली। जांच करने पर उसके अंदर से एक पीले रंग का कुछ नशीला पदार्थ पाया गया। जब उस पदार्थ की जांच की गई, तो वह मेथाक्लोवन पाया गया। वहीं जांच में पता चला कि आरोपित व्यक्ति साल 2019 में 3 महीने के वीजा पर नाइजीरिया से भारत आया था, लेकिन वीजा अवधि के समाप्त होने के बाद भी वह वापस नाइजीरिया नहीं गया।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Updated On 22 March 2023 12:05 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story