नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग थाना क्षेत्र में बदमाशों ने महिला जज और उनके बेटे के साथ लूट की, जिसका विरोध करने पर आरोपित मारपीट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान राहुल और दिलशाद के रूप में हुई है।

उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने मंगलवार को बताया कि घटना 06 मार्च की है। महिला जज और उनका बेटा दोनों रात का भोजन कर गुलाबी बाग स्थित जज कॉलोनी परिसर में टहल रहे थे। तभी कॉलोनी की गेट के निकट बाइक पर कुछ युवक आए, जिन्होंने महिला जज और उनके बेटे के साथ लूटपाट की और विरोध करने पर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना कॉलोनी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर दिल्ली में बढ़ रहे अपराधों पर पुलिस को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध इस हद तक बढ़ चुका है कि सड़क पर चल रहा हर आदमी या औरत असुरक्षित है। एक महिला जज के साथ झपटमारी की घटना बेहद शर्मनाक है।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Updated On 22 March 2023 12:04 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story