जोधपुर, 14 मार्च (हि.स.)। कमिश्नरेट की डीएसटी पश्चिम एवं शास्त्री नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल है। डीएसटी और शास्त्री नगर पुलिस ने सूचना के आधार पर बाड़मेर जिले के सिणधरी क्षेत्र से पकड़ा। आरोपित पुलिस थाना बालोतरा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट 2017 के मामले में फरार चल रहा था।

थाना अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया जनवरी 2022 में खेमे का कुआं क्षेत्र में हनुमान राम जाट के मकान में चोरी की वारदात हुई थी। मकान से केश, जेवरात और 25 कारतूस चोरी हुए थे। मामले में पुलिस ने ओमाराम सुथार और विष्णु गिरी को गिरफ्तार किया था। ओमाराम पैरोल से फरार चल रहा था। उसे राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद शास्त्री नगर थाना पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में उन्होंने 25 कारतूस अजीत कड़वासरा गांव चोंचवा, सायला जिला जालोर को देना बताया था। इस पर डीएसटी वेस्ट के मनोज कुमार और उनकी टीम के साथ शास्त्री नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इसे गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि अजीत कड़वासरा थाने के टॉप 10 और जिले के टॉप 10 अपराधियों में शामिल था। इस पर डीसीपी वेस्ट ने 5 हजार का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में 5 मामले दर्ज है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

Updated On 22 March 2023 12:03 PM GMT
Agency Feed

Agency Feed

Next Story